
MADHUBANI:- नगर निगम के सभी वार्डों में बनाई जाएगी जैव विविधता पार्क, प्लास्टिक बैग का इस्तेमाल खतरनाक: मेयर
मधुबनी- 03 जुलाई। अंतर्राष्ट्रीय प्लास्टिक बैग मुक्त दिवस पर शुक्रवार को नगर निगम जैव विविधता समिति द्वारा मेयर कार्यालय कक्ष में जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर मेयर अरुण राय ने कहा कि प्लास्टिक थैली का प्रयोग रोकना होगा। राज्य में सिगल यूज प्लास्टिक पर रोक का प्रावधान है। पालिथीन कैरी बैग का प्रयोग से बचना चाहिए। पालिथीन कैरी बैग के इस्तेमाल से परहेज नहीं किए जाने पर भविष्य में इसका खतरनाक दुष्परिणाम झेलना पड़ सकता है।
मेयर ने कहा कि सिगल यूज प्लास्टिक पर रोक के तहत नगर निगम द्वारा कार्रवाई की जाती है। इसका असर दिख रहा है। भोज-भंडारा में प्लास्टिक व थर्माकोल निर्मित कटोरा, थाली, गिलास का प्रयोग नहीं किया जाना चाहिए। प्लास्टिक थैली की जगह कपड़े, जूट के थैले का इस्तेमाल को बढ़ावा देना होगा। प्लास्टिक की थैली नालियों को जाम करती हैं। जानवर इन्हें खा लेते हैं, जिससे उनकी मौत हो जाती है। घर में रखे पुरानी कपड़ों से खुद से भी बैग बनाया जा सकता है।
मेयर ने कहा कि निगम के प्रत्येक वार्ड में जैव विविधता पार्क, हरित पट्टी और पौधरोपण की योजना बनाई जाएगी। वृक्ष के प्रजाति को बढ़ावा देने और पक्षियों, तितलियों जैसे जीवों के प्राकृतिक आवासों को संरक्षित करने के लिए एक विशेष कार्ययोजना बनाई जाएगी। हर वार्ड की जैव विविधता का डाटा एकत्र कर संरक्षण की योजनाएं बनाई जाएगी। स्थानीय स्तर पर एक तकनीकी सहायता दल गठित किया जाएगा।



