
MADHUBANI: नगर निगम के अगले चुनाव के लिए मिथिलांचल संघर्ष समिति ने बनाई रणनीति
मधुबनी- 28 जून। मिथिलांचल संघर्ष समिति की बैठक निगम क्षेत्र के निधि चौक स्थित अध्यक्ष इं. गौरीशंकर यादव की अध्यक्षता में हुई। बैठक को संबोधित करते हुए समिति के अध्यक्ष इं. गौरी शंकर यादव ने कहा कि मिथिलांचल संघर्ष समिति की नगर निगम इकाई का गठन किया गया है। गठित इकाई द्वारा नगर निगम क्षेत्र में जलजमाव, सड़क, नाला, सीवरेज, होल्डिंग टैक्स और नागरिक सुविधाओं जैसे मुद्दों को लेकर सभी वार्डों में जागरुकता अभियान चलाई जाएगी। तीन सालों में विकास कार्यों में पिछड़े वार्डों की सूची बनाकर नगर विकास एवं आवास विभाग को सौंप जाएगी। बीते तीन सालों के कार्यों की समीक्षा करते हुए अगले चुनाव के लिए आम लोगों की सर्वसम्मति से सभी वार्डों के लिए कर्मठ, इमानदार, बेदाग छवि के पार्षद के अलावा उपमेयर और मेयर प्रत्याशी तय किए जाएंगे। चयनित प्रत्याशी के समर्थन में समिति द्वारा लोगों के बीच जन जागरूकता कार्यक्रम चलाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि अगले चुनाव के लिए नगर निगम क्षेत्र में विकास की समीक्षा करते हुए बचे हुए सालों के लिए विकास संबंधी रिपोर्ट तैयार की जाएगी। रिपोर्ट के आधार पर हरेक वार्डों का घोषणा पत्र तैयार किया जाएगा। घोषणा पत्र आधार पर चुनाव लड़ी जाएगी। चुनाव बाद घोषणा पत्र के अनुसार विकास कार्यों को धरातल पर उतरा जाएगा। किसी वार्डों के साथ विकास कार्य में भेदभाव की शिकायत को दूर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि निगम क्षेत्र में तीन साल में हुए विकास कार्यों में गड़बड़ी की शिकायत मिलने पर इसकी उच्च स्तरीय जांच के लिए उच्च न्यायालय में लोकहित याचिका दायर की जाएगी। ताकि निगम के अगले चुनाव से पूर्व विकास योजनाओं में गड़बड़ी करने वालों पर जिम्मेवारी तय हो सके। उन्होंने कहा कि निगम को भ्रष्टाचार, लूट-खसोट, से मुक्त किया जाएगा।



