
MADHUBANI:- जिले की सभी ग्राम पंचायतों में उत्साहपूर्वक मनाया गया पंचायत विकास दिवस
मधुबनी- 28 जून। सरकार के निर्देश के आलोक में प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को आयोजित होने वाले पंचायत विकास दिवस के अंतर्गत आज दिनांक 28 जून 2026 को मधुबनी जिले की सभी ग्राम पंचायतों में पूर्वाह्न 10ः00 बजे से अपराह्न 12ः00 बजे तक विभिन्न कार्यक्रमों का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। झंझारपुर प्रखंड के महीनाथपुर पंचायत में आयोजित कार्यक्रम में जिले की प्रभारी मंत्री सह माननीय मंत्री, भवन निर्माण विभाग, बिहार सरकार श्रीमती लेशी सिंह ने भाग लिया।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, ग्राम सभा के सदस्यों, पंचायत प्रतिनिधियों, जिला एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारियों तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण नागरिकों की सक्रिय सहभागिता रही। इसी क्रम में जिले के तमाम वरीय अधिकारियों ने भी पंचायत में आयोजित पंचायत विकास दिवस कार्यक्रम में भाग लिया। अपने संबोधन में जिले की प्रभारी मंत्री श्रीमती लेशी सिंह ने कहा कि ’आज ष्पंचायत विकास दिवसष् के अवसर पर आप सभी के बीच उपस्थित होकर मुझे अत्यंत प्रसन्नता हो रही है। पंचायतें हमारे लोकतंत्र की आधारशिला हैं।
गांवों के विकास से ही राज्य एवं राष्ट्र का समग्र विकास संभव है। बिहार सरकार द्वारा प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को पंचायत विकास दिवस आयोजित करने का उद्देश्य पंचायत स्तर पर विकास कार्यों की समीक्षा, जनभागीदारी को बढ़ावा देना तथा स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना है। बिहार पंचायत राज अधिनियम, 2006 के माध्यम से पंचायती राज संस्थाओं को सशक्त बनाया गया है। वार्ड स्तरीय निगरानी समितियों एवं स्थायी समितियों के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, सामाजिक न्याय एवं आधारभूत संरचना जैसे क्षेत्रों में योजनाओं का प्रभावी संचालन एवं निगरानी की जा रही है। आज की थीम ष्महिला हितैषी ग्राम पंचायत है।
हमारा विश्वास है कि महिलाओं के सशक्तिकरण से ही परिवार, समाज और पंचायत सशक्त होंगे। स्वयं सहायता समूहों को बढ़ावा देना, महिला उद्यमिता, कौशल विकास, स्वास्थ्य एवं निर्णय प्रक्रिया में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करना हमारी प्राथमिकता है। वहीं कार्यक्रम में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की नुक्कड़ नाटक टीम ने गीत संगीत के माध्यम से नशा मुक्ति की लेकर लोगों को जागरूक किया।



