
MADHUBANI:- नगर निगम क्षेत्र में सड़कों के निर्माण पर करोड़ों खर्च,लड्डू गोपाल कॉलोनी में चचरी पुल ही सहारा
मधुबनी- 28 जून। नगर निगम क्षेत्र के वार्ड 30 के लड्डू गोपाल कॉलोनी के लोगों को चचरी के सहारे आवाजाही करना पड़ रहा है। बरसात के दिनों में चचरी को बह जाने की आशंका सता रही है। नगर निगम की उदासीनता के चलते कॉलोनी वासियों ने आपसी सहयोग से चचरी पुल का निर्माण कराया है। इसके निर्माण पर करीब पांच हजार रुपये का खर्चा आया है। कॉलोनी निवासी हेमंत कुमार झा ने बताया कि निगम द्वारा चचरी पुल की जगह मिट्टीकरण करा दिया जाता है तो बरसात के दिनों में लोगों को आने-जाने में तत्काल सहुलियत होगी।
कॉलोनी के विजय चौधरी ने बताया कि लड्डू गोपाल कॉलोनी में सड़क, पेयजल, साफ-सफाई जैसी सुविधाएं दूर-दूर तक नजर नहीं आ रहा है। जबकि होल्डिंग टैक्स में इन सुविधाओं के नाम पर अलग-अलग राशि ली जा रही है। लेकिन कॉलोनी में सड़क, नाला का निर्माण नहीं हो सका है।
प्रो. कृष्ण कुमार ठाकुर, अतुल मिश्रा,विपिन कुमार झा ने बताया कि कॉलोनी में नल जल योजना का पाइपलाइन की सुविधा उपलब्ध नहीं कराई गई है। साफ-सफाई करने वाला एक भी सफाई कर्मी नहीं आता है। इन सुविधाओं के लिए कई बार वार्ड पार्षद, मेयर और नगर आयुक्त को भी कहा गया। बावजूद अब तक कोई सुविधा नहीं दी जा सकी है। जबकि नगर निगम होल्डिंग टैक्स में पेयजल से वंचित लोगों से भी पानी मद में टैक्स ली जा रही है। लोगों ने बताया कि पूर्व के नगर आयुक्त द्वारा पेयजल उपलब्ध नहीं होने पर पेयजल टैक्स नहीं लेना का निर्देश दिया गया था।
लोगों ने बताया कि बरसात के दिनों में अधिक बारिश होने पर चचरी पुल बह जाने की चिंता बनी है। कॉलोनी से सड़क का निर्माण नहीं होने के चलते नाला का भी निर्माण नहीं हो सका है। अधिक बारिश होने से कॉलोनी के प्रवेश द्वार से ही जलजमाव की समस्या खड़ी हो जाती है। कीड़े-मकोड़े का भय बना रहता है। देर शाम लोगों को कॉलोनी आने में भारी कठिनाई का सामना करना पड़ता है। लंबे समय तक बच्चों का विद्यालय जाना बाधित हो जाता है। वार्ड पार्षद सुलेखा देवी ने बताया कि लड्डू गोपाल कॉलोनी में सड़क, नाला, पेयजल सहित अन्य नागरिक सुविधा के लिए निगम निगम को योजना बनाने के लिए आवेदन दे चुके है।
नगर आयुक्त उमेश कुमार भारती ने बताया कि लड्डू गोपाल कॉलोनी में सड़क व अन्य सुविधाओं के लिए योजना बनाई जाएगी।



