
MADHUBANI: बाईक की हल्की टक्कर के बाद दो पक्षों के बीच विवाद, मोहर्रम के मद्देनजर बसुआड़ा में पुलिस छावनी में तब्दील
मधुबनी- 26 जून। नगर थाना क्षेत्र के बसुआरा गांव में शुक्रवार शाम दो मोटरसाइकिलों के बीच हुई हल्की टक्कर ने बड़े विवाद का रूप ले लिया। मामूली सी बात को लेकर दो पक्षों के लोग आपस में भिड़ गए, जिससे इलाके में तनाव फैल गया।
चूंकि शुक्रवार को मोहर्रम का त्योहार मनाया जा रहा था, इसलिए पुलिस प्रशासन पहले से ही हाई अलर्ट पर था। घटना की सूचना मिलते ही बिना वक्त गंवाए सदर एसडीएम चन्दन झा, एसडीपीओ अमित कुमार, और नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। त्वरित कार्रवाई करते हुए पूरे प्रभावित इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया।
एसडीएम और डीएसपी ने खुद मोर्चे पर रहकर स्थिति को संभाला और उपद्रवियों पर कड़ी निगरानी रखी। अधिकारियों की सूझबूझ और भारी पुलिस तैनाती के कारण मामला शांत करा लिया गया। अधिकारियों के मुताबिक, फिलहाल गांव में पूरी तरह शांति है और स्थिति नियंत्रण में है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।



