
मस्ती भरे अंदाज में रिलीज हुआ ‘वेलकम टू द जंगल’ का नया गाना ‘ओ मेरे बलम’
अभिनेता अक्षय कुमार की बहुप्रतीक्षित कॉमेडी फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ रिलीज से पहले ही दर्शकों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है। फिल्म के ट्रेलर और पहले रिलीज हुए गानों को मिले शानदार प्रतिसाद के बाद अब निर्माताओं ने इसका नया गाना ‘ओ मेरे बलम’ जारी कर दिया है। गाना रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और दर्शकों का ध्यान खींच रहा है।
यूट्यूब पर जारी किए गए इस गीत के वीडियो में फिल्म की पूरी स्टारकास्ट नजर आ रही है। गाने को काव्याकृति और साकेत बैरोलिया ने अपनी आवाज दी है, जबकि इसके बोल फरहाद शामजी ने लिखे हैं। वहीं, संगीत आनंद राज आनंद ने तैयार किया है। रंग-बिरंगे विजुअल्स और मस्तीभरे अंदाज से सजा यह गीत फिल्म की कॉमिक और मनोरंजक दुनिया की झलक पेश करता है।
फिल्म में अक्षय कुमार के साथ दिशा पाटनी, जैकलीन फर्नांडिस, सुनील शेट्टी, राजपाल यादव समेत कई सितारे अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। इससे पहले फिल्म के ‘वेलकम टू द जंगल’ टाइटल ट्रैक, ‘दीवाने हैं’, ‘तेरा पैसा मेरा पैसा’ और ‘ऊंचा लंबा कद फॉरएवर’ जैसे गाने भी रिलीज हो चुके हैं। अहमद खान के निर्देशन में बनी यह फिल्म दर्शकों को भरपूर कॉमेडी और मनोरंजन का वादा करती है।



