
MADHUBANI:- गाड़ी में रुपये गिनने का वीडियो वायरल होने के बाद महिला एसआई और दो सिपाही निलंबित
मधुबनी- 24 जून। सोशल मीडिया पर एक महिला पुलिस अधिकारी का गाड़ी में रुपये गिनने का वीडियो वायरल होने के बाद मधुबनी के पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने बड़ी कार्रवाई की है। अनुशासनहीनता और संदिग्ध आचरण के आरोप में एक महिला पुलिस अवर निरीक्षक और दो सिपाहियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, वायरल वीडियो अररिया संग्राम थाना का है। वीडियो सामने आने के बाद एसपी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए झंझारपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को तुरंत जांच के आदेश दिए थे। जांच और सत्यापन में पता चला कि यह वीडियो करीब दो महीने पुराना है। वीडियो में नोट गिनते दिख रही महिला अधिकारी की पहचान अररिया संग्राम थाना में तैनात सब-इंस्पेक्टर सोनल कुमारी के रूप में हुई है, जो फिलहाल छुट्टी पर हैं। वीडियो में उनके साथ ड्यूटी पर तैनात महिला सिपाही सौंदर्या राय और सिपाही गौतम कुमार भी नजर आ रहे हैं। पुलिस विभाग ने ड्यूटी के दौरान इस तरह के आचरण को पूरी तरह संदिग्ध और पुलिस की छवि को धूमिल करने वाला माना है।
एसपी ने तीनों पुलिसकर्मियों को सस्पेंड करने के साथ ही उनके खिलाफ विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई भी शुरू कर दी है। पुलिस प्रशासन ने साफ किया है कि विभाग में भ्रष्टाचार या अनुशासनहीनता पर कार्रवाई किया जाएगी।



