
MADHUBANI:- पुलिस टीम पर हमले मामले में गिरफ्तार शराब तस्कर की संपत्ति होगी जब्तः SP
मधुबनी- 24 जून। सोमवार की रात्रि पुलिस टीम पर हुए जानलेवा हमले के बाद पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने प्रेस वार्ता कर बड़ा खुलासा किया है। पुलिस अधीक्षक श्री कुमार ने बताया कि इस मामले के मुख्य आरोपी अर्जुन मंडल और किशन राम पेशेवर व कुख्यात अपराधी हैं। आगामी त्योहारों के मद्देनजर पुलिस इन पर कड़ी निगरानी रख रही थी।
पुलिस अधीक्षक के अनुसार, नगर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि आगामी मोहर्रम के त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था भंग करने की नीयत से भारी मात्रा में शराब का स्टॉक किया गया है। इसी सूचना के आधार पर सोमवार की रात नगर थाना पुलिस क्षेत्र के पुरानी बस स्टैंड मोहल्ले में अर्जुन मंडल के घर छापेमारी करने पहुंची थी। इसी दौरान अपराधियों ने पूरे परिवार के साथ मिलकर पुलिस टीम पर अचानक हमला कर दिया। जिसमें नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार व अन्य पुलिस बल गंभीर रूप से घायल हो गया है। अर्जुन मंडल और किशन राम मोहर्रम के मौके पर इलाके में अशांति फैलाने की तैयारी में थे। दोनों आरोपियों पर पहले से भी विभिन्न थानों में कई गंभीर मामले दर्ज हैं।
पुलिस अधीक्षक ने सख्त लहजे में कहा कि अपराधियों के खिलाफ अब और भी कड़ा एक्शन लिया जाएगा। इन दोनों आरोपियों ने शराब तस्करी और अवैध धंधों के जरिए जमीन खरीदकर जो भी चल-अचल संपत्ति बनाई है, पुलिस उसे चिन्हित कर जल्द ही जब्त करने की कार्रवाई करेगी। इसके अलावा, पुलिस पर हमले और अपराधियों को संरक्षण देने वाले उनके सहयोगियों को भी चिन्हित कर लिया गया है। पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं और जल्द ही अन्य सभी सह-आरोपियों को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।



