
MADHUBANI: रांटी-चकदह सड़क पर द्वारकापुरम कॉलोनी के पास सड़क का नहीं हो सका निर्माण, लोगों में नाराजगी
मधुबनी- 19 जून। नगर निगम क्षेत्र के वार्ड 21 के रांटी-चकदह बाइपास सड़क पर द्वारका पुरम कॉलोनी के पश्चिम मोहल्ला में सड़क का निर्माण नहीं होने से करीब तीन दर्जन घर के लोगों को भारी मुसीबत झेलना पड़ रहा है। मोहल्ले के राजकुमार झा ने बताया कि मोहल्ले में आवाजाही के लिए पूर्व में रांटी पंचायत द्वारा करीब सात साल पूर्व मिट्टीकरण कार्य कराया गया था। करीब 600 फीट की दूरी में सड़क का पक्कीकरण नहीं होने से लोगों को घरों तक जाना मुश्किल हो गया है।
रमेश राम ने बताया कि बरसात के दिनों में सड़क पर पैदल चलना मुश्किल हो जाता है। सड़क नहीं होने से बरसात के समय लोगों को भारी फजीहत झेलना पड़ता है।
रंजीत झा ने बताया कि कच्ची सड़क पर जलजमाव से दुर्घटना होती रहती है। बारिश के दिनों में सड़क पर जलजमाव के बीच सर्प, कीड़ा का भय बना रहता है। बहादुर पासवान ने बताया कि नगर निगम प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को इस सड़क के निर्माण की दिशा में ठोस पहल नहीं होने से स्थानीय लोगों में आक्रोश है।
गुणानंद झा, गणेश कुमार, अजीत कुमार पासवान ने बताया कि इस सड़क की यह हालत पिछले सात साल से है। सड़क का पक्कीकरण की मांग करते आ रहे हैं, लेकिन उनकी मांग पूरी नहीं हो रही है। नगर मेयर अरुण राय ने बताया कि बोर्ड की बैठक में प्रस्ताव रखा जाएगा।
वहीं, शहर के शंकर चौक स्थित महादेव मंदिर से बालीवुड डांस स्कूल की ओर जाने वाली सड़क पर जलजमाव गंभीर समस्या गंभीर बनी है। बारिश के दिनों में यह सड़क पूरी तरह जलजमाव में डूबा रहता है। जलनिकासी के अभाव और नालों की खराब स्थिति के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। जलजमाव के चलते सड़क जर्जर होकर गड्ढा में तब्दील हो गया है।



