
MADHUBANI: छठ महापर्व को लेकर नगर निगम ने शुरू की छठ घाटों की सफाई, लक्ष्य 90 तालाबों की सफाई
मधुबनी – 26 अक्टूबर। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर मधुबनी नगर निगम ने शहर के छठ घाटों की सफाई शुरू कर दी है। दीपावली से पहले ही निगम ने महा-सफाई अभियान की शुरुआत कर दी है।
पिछले साल तक निगम 60 से 65 घाटों की ही सफाई करता था, लेकिन इस बार शहर विस्तार के बाद 90 घाटों को चिन्हित कर सफाई शुरू की गई है। इसमें ऐतिहासिक गंगासागर पोखर, पुलिस लाइन पोखर, बड़ी बाजार पोखर, शीतला पट्टी पोखर सहित सभी 45 वार्डों के छोटे-बड़े तालाब शामिल हैं।
अभी तालाबों से जलकुंभी, कचरा, प्लास्टिक और सिल्ट हटाने का काम चल रहा है। हालांकि बैरिकेडिंग, लाइटिंग और व्रतियों के लिए चेंजिंग रूम बनाने का काम अभी शुरू नहीं हो सका है। कई तालाबों में तो सफाई शुरू भी नहीं हुई है।
निगम क्षेत्र के 90 छठ घाटों की सफाई के लिए नगर निगम ने शहर को तीन जोन में बांटकर तीन एजेंसियों को लगाया है। सभी घाटों को 28 अक्टूबर तक पूरी तरह तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। बड़े घाटों पर सुरक्षा के लिए बांस-बल्ली से घेराव, गोताखोर और निगम कर्मियों की तैनाती भी की जाएगी।
स्वच्छता पदाधिकारी अमिताभ गुंजन ने बताया कि सभी वार्ड पार्षदों से तालाबों की सूची लेकर काम शुरू करा दिया गया है। दीपावली से फॉगिंग और चूना-ब्लीचिंग का छिड़काव भी तेज कर दिया जाएगा।



