
बिहार की सीनियर महिला T-20 टीम ने पहला मुकाबला जीता, मणिपुर को 10 विकेट से हराया
पटना / सोविमा, 26 अक्टूबर। बिहार ने बीसीसीआई सीनियर महिला टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता में शानदार शुरुआत की है। प्लेट ग्रुप के अपने पहले मुकाबले में सोमवार को बिहार ने मणिपुर को 10 विकेट से हरा दिया। यह मुकाबला नागालैंड के सोविमा में खेला गया।
पहली बार प्लेट डिवीजन में खेल रही बिहार की टीम ने टॉस हारने के बाद भी शानदार गेंदबाजी की और मणिपुर को निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट पर 83 रन पर रोक दिया। जवाब में बिहार ने 10.4 ओवर में ही बिना कोई विकेट खोए 86 रन बनाकर मैच जीत लिया।
बिहार की ओर से ओपनर वैदेही यादव ने 40 गेंद पर 9 चौकों की मदद से नाबाद 51 रन की पारी खेली। वहीं विकेटकीपर श्रुति गुप्ता ने 24 गेंद पर 5 चौकों की सहायता से नाबाद 29 रन बनाए। मणिपुर ने बिहार की ओपनिंग जोड़ी को तोड़ने के लिए 7 गेंदबाजों को आजमाया, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।
इससे पहले मणिपुर की बल्लेबाज बिहार की गेंदबाजों के सामने खुलकर रन नहीं बना सकीं। कप्तान कीशम कल्पना ने 15, निरूता ने 14, तनुजा ने 12 और बरकतुन आलम ने 10 रन बनाए।
बिहार की ओर से आर्य सेठ ने 13 रन देकर 2 विकेट लिए, जबकि अंशु अपूर्वा, रचना सिंह, प्रीति प्रिया और अपूर्वा कुमारी ने 1-1 विकेट लिया। बिहार अपना दूसरा मैच मंगलवार को मेघालय के खिलाफ खेलेगा।



