
MADHUBANI:- बिस्फी में राजस्व कर्मचारी पर वाहन चढ़ा मारने के प्रयास में चार गिरफ्तार
मधुबनी- 18 जून। बिस्फी अंचल में कार्यरत राजस्व कर्मचारी को जान से मारने का प्रयास किया गया है। घटना की सूचना मिलते ही बिस्फी थाना पुलिस अंचल कार्यालय परिसर पहुंच कर इस मामले में चार युवक को लाइसेंसी हथियार के साथ गिरफ्तार किया है।
कार्यालय प्रकोष्ठ में जानकारी देते हुए एसडीपीओ अमित कुमार ने बताया कि, राजस्व कर्मचारी विजय कुमार राजस्व महा अभियान के तहत कार्य कर रहे थे। इसी दौरान दरभंगा नगर थाना क्षेत्र के लालबाग कटकी बाजार के गोपी कृष्ण अग्रवाल के पुत्र निलेश अग्रवाल अपने निजी सुरक्षा गार्ड्स के साथ आया और मांगी गई सूचना का आवेदन मांगा। जिस पर राजस्व कर्मचारी नाजिर को देने की बात कही।
इसी पर निलेश अग्रवाल और उनके तीन अन्य गार्ड्स भागलपुर के सैदपुर थाना के संतोष कुमार सिंह, आरा के शिवेश कुमार और सोनपुर सारण के आदर्श कुमार गाली गलौज करने लगा। जिसके बाद कर्मचारी के द्वारा इसकी सूचना वरीय अधिकारी और थाना को दी गई। इस पर निलेश अग्रवाल अपने वाहन को लेकर जाने लगा। जिसे वादी ने रुकने का इशारा किया. तो आरोप है कि कर्मचारी को जान से मारने के नियत से गाड़ी से धक्का मार दिया गया। लोगों के बीच बचाव में उसे इलाज के लिए हॉस्पिटल भेजा गया।
एसडीपीओ ने बताया कि, पूर्व में भी निलेश अग्रवाल के द्वारा मोबाइल के माध्यम से गाली गलौज और धमकी दी गई थी। एसडीपीओ ने बताया कि, पुलिस ने न्याय आयोग का बोर्ड लगा एक चार पहिया वाहन, एक स्क्रीनटच मोबाइल, एक एयर पिस्टल, एक एयर राइफल, एक राइफल और 22 जिंदा कारतूस बरामद किया गया है।



