
MADHUBANI: दो दिवसीय सौराठ महोत्सव 2026 का आयोजन 2-3 जुलाई को होगा, प्रशासनिक तैयारी शुरु
मधुबनी- 16 जून। मैथिल ब्राह्मणों का विश्व प्रसिद्ध वैवाहिक निर्धारण स्थल सौराठ में इस साल 2-3 जुलाई को दो दिवसीय सौराठ महोत्सव 2026 आयोजित की जाएगी। सौराठ महोत्सव की पहल जिला कला एवं संस्कृति कार्यालय द्वारा शुरु कर दी गई है। जिले के रहिका प्रखंड के सौराठ गांव स्थित सभा स्थल पर साल 2025 में 5-6 जून को पहली बार सौराठ महोत्सव का आयोजन किया गया था।महोत्सव में मिथिला की समृद्ध लोककला, पारंपरिक संगीत, कवि सम्मेलन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से मैथिल संस्कृति को बढ़ावा दिया जाता है।
बतादें कि मिथिला के मैथिल ब्राह्मणों का सदियों पुराना वैवाहिक निर्धारण स्थल सौराठ सभा की परंपरा 14वीं शताब्दी से चली आ रही। यहां वंशावली विशेषज्ञ ‘पंजिकार’ के माध्यम से वर, कन्या दोनों पक्षों के सात पीढ़ियों तक के रक्त संबंधों की जांच की जाती है। ताकि समगोत्र में वैवाहिक संबंध से बचा जा सके।



