
दिल्ली के कई मेट्रो स्टेशनों के नाम बदले, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नाम खेल परिसर को मंजूरी
नई दिल्ली- 27 मई। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली की पहचान और जनभावनाओं का सम्मान करते हुए मेट्रो स्टेशनों, अस्पतालों आदि के नाम में परिवर्तन किया है। रोहिणी वेस्ट मेट्रो स्टेशन अब ‘डॉ. बाबा साहेब अंबेडकर अस्पताल’ कहलाएगा। इसके अलावा बेगमपुर (रोहिणी) में निर्माणाधीन खेल परिसर का नाम पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के नाम ‘अटल खेल परिसर’ रखा जाएगा। वहां पूर्व प्रधानमंत्री अटलजी की प्रतिमा भी स्थापित की जाएगी। उन्होंने कहा कि परिवर्तित नाम दिल्ली की विविध सांस्कृतिक पहचान, सामाजिक चेतना और राष्ट्रीय विरासत को प्रतिबिंबित करते हैं। यह जानकारी बुधवार को एक विज्ञप्ति के जरिए दी गई।
राज्य नामकरण प्राधिकरण (एसएनए) की चेयरपर्सन व मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हाल ही में दिल्ली सचिवालय में बैठक आयोजित की गई थी, जिसमें इन प्रस्तावों को सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई। बैठक में दिल्ली के मुख्य सचिव, शहरी विकास विभाग के सचिव, दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) के प्रबंध निदेशक और दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) के निदेशक सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में बेगमपुर (रोहिणी के सेक्टर-33) स्थित नव-निर्मित खेल परिसर के नामकरण का प्रस्ताव भी रखा गया। अथॉरिटी ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि इस परिसर का नाम ‘अटल खेल परिसर’ रखा जाएगा। इसके अलावा, परिसर में पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा स्थापित करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी भारतीय राजनीति के ऐसे युगपुरुष थे जिन्होंने विकास, लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्रीय एकता को नई दिशा दी। खेल परिसर को उनके नाम से जोड़ना युवा पीढ़ी को प्रेरणा देने का कार्य करेगा।
बैठक में रोहिणी वेस्ट मेट्रो स्टेशन के नाम परिवर्तन के प्रस्ताव पर भी विचार हुआ। अथॉरिटी ने निर्णय लिया कि रोहिणी वेस्ट मेट्रो स्टेशन का नाम बदलकर ‘डॉ. बाबा साहेब अंबेडकर अस्पताल मेट्रो स्टेशन’ किया जाएगा। साथ ही यात्रियों की सुविधा और स्टेशन की पहचान को अधिक स्पष्ट बनाने के उद्देश्य से रोहिणी ईस्ट मेट्रो स्टेशन का नाम बदलकर ‘रोहिणी मेट्रो स्टेशन’ किए जाने को भी मंजूरी दी गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर का योगदान देश के सामाजिक और संवैधानिक इतिहास में अमिट है। उनके नाम से जुड़े संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों के माध्यम से समाज को समानता, न्याय और सामाजिक सशक्तिकरण का संदेश मिलता है।
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि ज्वालापुरी में निर्माणाधीन अस्पताल का नाम ‘बाबा रामदेवजी महाराज अस्पताल’ रखने के प्रस्ताव को भी मंजूरी प्रदान की। मुख्यमंत्री ने कहा कि बैठक में द्वारका मेट्रो स्टेशन के नाम में क्षेत्र की स्थानीय पहचान को शामिल करने के प्रस्ताव पर विचार किया गया। अथॉरिटी ने प्रस्ताव को मंजूरी देते हुए स्टेशन का नया नाम ‘द्वारका-ककरोला मेट्रो स्टेशन’ करने का निर्णय लिया। इस निर्णय का उद्देश्य क्षेत्र की भौगोलिक और सामाजिक पहचान को अधिक स्पष्ट रूप से स्थापित करना है। बैठक में ब्रिटानिया चौक (शकूरपुर स्थित) का नाम बदलकर ‘अश्विनी चोपड़ा (मिन्ना) चौक’ करने के प्रस्ताव को भी सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज और सार्वजनिक जीवन में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले व्यक्तित्वों को सम्मानित करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है और ऐसे निर्णय जनस्मृति को मजबूत बनाने का कार्य करते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली केवल प्रशासनिक राजधानी नहीं, बल्कि देश की सांस्कृतिक, सामाजिक और ऐतिहासिक चेतना का भी प्रतिनिधित्व करती है। राजधानी के महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थलों और संस्थानों के नामकरण के माध्यम से समाज को प्रेरित करने वाले व्यक्तित्वों, स्थानीय पहचान और राष्ट्रीय मूल्यों को सम्मान देना सरकार की जिम्मेदारी है। ऐसे निर्णय आने वाली पीढ़ियों को अपने इतिहास, विरासत और प्रेरणास्रोत महापुरुषों से जोड़ने का कार्य करते हैं।



