
MADHUBANI:- रामजानकी मंदिर से अष्टधातु की 3 मूर्तियां गायब,वर्ष 2011 में भी हुई थी चोरी
मधुबनी-04 जनवरी। बेनीपट्टी थाना क्षेत्र के बनकट्टा के ठाकुरबाड़ी स्थित रामजानकी मंदिर से अपराधियों ने तीन अष्टधातु की मूर्तियां गायब कर दी है। चोरों ने मंदिर का ताला तोड़कर पीढ़ी पर रखे भगवान राम-सीता, लक्ष्मण व गणेश की मूर्ति गायब कर दी है।
गायब हुए मूर्ति के अनुमानित मूल्य करीब एक करोड़ से अधिक का आंकी जा रही है। मंदिर के पुजारी उपेंद्र दास की पत्नी ने बताया कि रात्रि करीब 12 बजे दस की संख्या में पहुँचे अपराधियों ने पंडितजी को बिस्तर से उठा कर कब्जा कर लिया। जिसके बाद उन्हें कहा गया कि मंदिर का चुपचाप चाभी दो,नहीं तो गोली मार देंगे। पंडितजी ने जब बताया कि चाभी कमिटी के पास होती है,तब चोरों ने मंदिर का ताला तोड़कर मूर्ति गायब कर दी।
चोरी की सूचना मिलते ही बेनीपट्टी एसएचओ अरविंद कुमार मौके पर पहुँच कर मामले की छानबीन शुरू कर बयान के लिए अपने साथ पुजारी को ले गए। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस संबंध में एसडीपीओ अरुण कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस तकनीकी व अन्य आधार पर जांच कर रही है। जल्द ही मूर्ति बरामद कर ली जाएगी।
वर्ष-2011 में भी हुई थी चोरी—
रामजानकी मंदिर में वर्ष-2011 में भी मूर्ति चोरी की घटना हुई थी। उक्त चोरी की घटना का पुलिस ने 24 घंटे के अंदर उद्भेदन कर दिया था। चोरी की सूचना मिलते ही बेनीपट्टी के तत्कालीन एसएचओ युगेश चंद्रा ने ताबड़तोड़ छापेमारी कर मूर्ति चोर गिरोह के साथ मूर्ति भी बरामद कर ली थी। पुलिस ने उक्त मामले में करीब चार लोगों की गिरफ्तारी की थी।
उधर, सोमवार की रात पुनः उक्त मंदिर में चोरी की घटना हो गयी। स्थानीय लोगों की माने तो पूर्व में बनकट्टा चौक पर चौकीदार की ड्यूटी होती थी, लेकिन गत कई महीनों से यहां कोई तैनात नहीं होता है। जबकि, उक्त चौक कई गांव को आने जाने की है। इधर, चोरी की घटना से लोग काफी आक्रोशित है। लोगों ने बताया कि पुलिस की सही गश्ती नहीं होने के कारण इस तरह की घटना हो रही है। चोरों ने उनके आस्था पर चोट किया है।



