
MADHUBANI: चंद घंटों की बारिश ने बदली शहर की सूरत, जलजमाव से शुरू हुई लोगों की फजीहत
मधुबनी – 2 मई। शुक्रवार की शाम चंद घंटों की बारिश में शहर की सूरत बदल गई। बारिश के बाद शहर के बीएन झा, प्रगतिनगर कॉलोनी, तिरहुत कॉलोनी, आदर्शनगर कॉलोनी सहित अन्य मोहल्लों में जलजमाव का संकट बन गया है। जिससे लोगों की फजीहत शुरू हो गई है। जलजमाव से पैदल आवाजाही में मुश्किल होने लगा है।
वहीं, बारिश की आशंका को लेकर लोगों में जलजमाव की चिंता सताने लगी है। शहर के बीएन झा कॉलोनी सहित अन्य हिस्सों में लोगों की परेशानी बढ गई है। वहीं, गोशाला रोड में जलजमाव के बीच लोगों को आवाजाही पर विवश होना पड़ रहा है। रेलवे गुमटी 10 सी के निकट एक पुल से सटे तालाब से जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से वार्ड के प्रगतिनगर कॉलोनी, बुद्धनगर, यादव टोल, ब्रह्मस्थान मोहल्ला की समस्या बढा दी है। कई हिस्सों में नाला नहीं होने से भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई वर्ष पूर्व भारी जलजमाव को देखते हुए रेलवे गुमटी से ककना गांव तक रेलवे लाइन से सटे केनाल की सफाई की मांग गई थी। मार्च प्रगतिनगर कॉलोनी में नाला निर्माण की योजना बनाई गई थी। नगर निगम की उदासीनता से शहर के विभिन्न हिस्सों में बरसात के दिनों में जलजमाव की समस्या झेलने को अभिशप्त है।
विनोदानंद झा कालोनी निवासी प्रो. शैलेंद्र झा ने बताया कि बरसात के समय कॉलोनी के करीब एक दर्जन लोग जलजमाव से निजात पाने के लिए कॉलोनी से पलायन कर जाते हैं। जलजनित रोगों व मच्छरों के बढ़ते प्रकोप से लोगों का जीना मुहाल हो जाता है। शहर के बाल्मीकि बस्ती में जलजमाव से लोगों की परेशानी बढ जाती है। जबकि, गदियानी चौक से बड़ा बाजार जाने वाली सड़क पर जलजमाव से लोग आजिज हो चुके हैं। निगम प्रशासन द्वारा शहर में जलनिकासी को अपनाए गए उपाय ध्वस्त नजर आ रहे हैं। जलजमाव को लेकर आम लोगों में गुस्सा बढने लगा है। वहीं, जलजमाव को लेकर कई वार्ड पार्षद की निगम प्रशासन के प्रति नाराजगी देखी जा रही है।
इधर, नगर निगम के नगर आयुक्त ने बताया कि जलजमाव की समस्या दूर करने की कोशिश जारी है।



