
MADHUBANI:- गांव के विकास पर निर्भर होता देश का विकास, पंचायती राज व्यवस्था लोकतंत्र के इतिहास में मील का पत्थर
मधुबनी- 24 अप्रैल। राष्ट्रीय पंचायत राज दिवस पर शहर के नगर निगम कार्यालय परिसर स्थित मैथिल विकास प्रतिष्ठान के तत्वावधान में परिचर्चा आयोजित की गई।परिचर्चा को संबोधित करते हुए प्रतिष्ठान के उपाध्यक्ष मोद नारायण झा ने कहा कि भारतीय लोकतंत्र की वास्तविक शक्ति गांवों से निकलकर संसद और विधानसभाओं तक पहुंचती है। यही से आम लोगों की अभिव्यक्ति लोकतंत्र की नींव को मजबूत बनाती है।
लोकतंत्र को सम्मानित करने, उसे सुदृढ़ बनाने और उसकी उपलब्धियों का उत्सव मनाने के लिए राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस मनाई जाती है। पंचायत से लेकर संसद तक जनप्रतिनिधियों की कर्मठता से लोकतंत्र के साथ-साथ विकास की गति तेज होती है। आम लोगों की उम्मीद और विकास की योजनाओं के लिए जनप्रतिनिधियों की इच्छा शक्ति को मजबूती प्रदान करना होगा। सामान्य नागरिक केवल मतदाता नहीं, बल्कि नीति निर्माण का सक्रिय सहभागी बनता है, तभी लोकतंत्र सार्थक और जीवंत बनता है। देश का विकास गांव के विकास पर निर्भर होता है।
भारत की प्रगति का वह आधारभूत सिद्धांत है, जिसमें समावेशी विकास, सामाजिक न्याय और आत्मनिर्भरता की संपूर्ण अवधारणा निहित है। सशक्त पंचायतें ही समृद्ध भारत की नींव है। जिस पर सुदृढ़, संवेदनशील और सहभागी लोकतंत्र का निर्माण संभव है। भारत में पंचायतों की परंपरा प्राचीन है। पंच परमेश्वर की परंपरा काफीअहमियत मानी जाती थी।
पंचायत में शामिल समूह न्याय और निर्णय का प्रतीक माना जाता था। विनोदानंद झा ने कहा कि गांवों का विकास,संसाधनों का प्रबंधन और सामाजिक व्यवस्था का संचालन पंचायतों के माध्यम से ही होता था। वर्तमान समय में पंचायत व्यवस्था में पारदर्शिता में कमी आई है।स्वशासन को मजबूत करने के लिए पंचायती राज प्रणाली को अपनाया जाना जरूरी हो गया है। पंचायत राज व्यवस्था भारतीय लोकतंत्र की जड़ों को मजबूत करने का आधार है। पंचायती राज व्यवस्था भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में मील का पत्थर साबित हुआ।
पंचायतों को संवैधानिक दर्जा प्रदान किया गया। एक संगठित, सशक्त एवं प्रभावी संस्था के रूप में स्थापित किया। ग्राम पंचायत, पंचायत समिति और जिला परिषद, ग्रामसभा को लोकतंत्र की आधारशिला के रूप में स्थापित किया गया। परिचर्चा को शंभूनाथ ठाकुर, संजय कुमार यादव, राकेश कुमार, इं. राहुल विद्यार्थी सहित अन्य ने संबोधित किया।



