
MADHUBANI:- निगम के मजदूरों को तीन माह से नही मिला मानदेय,हड़ताल पर गए
मधुबनी-01 जनवरी। नगर निगम में आउटसोर्सिंग के माध्यम से शहर की सफाई कर रहे मजदूरों ने तीन माह से मानदेय नहीं मिलने के कारण सफाई कार्य ठप कर दिया। डोर टू डोर कार्य,नाला की सफाई,सड़क पर झाडू देने वाले सहित वार्ड की नियमित सफाई में लगे सभी मजदूरों ने काम ठप कर दिया है। जिससे पूरे शहर में शनिवार को गंदगी का अंबार लगा रहा। मजदूरों ने कहा जांच के नाम पर राशि नहीं दी जा रही है। सफाई तो डेली का काम है और वे सभी निहायत ही गरीब हैं।
शहर की बदबू भरी गंदगी की सफाई कर वे अपना गुजर बसर करते हैं। ऐसे में तीन माह से वेतन नहीं मिलना निगम के लिए शर्मनाक बात है। रमेश कंजर,राजू कंजर,गाविन्द कंजर व अन्य ने बताया कि इसतरह के काम करने के बाद भी हर माह भुगतान नहीं हो, तो कैसे परिवार का भरण पोषण होगा। काम निगम का किये हैं तो घर किससे पैसा लेकर चलायें। निवर्तमान वार्ड पार्षद उमेश प्रसाद ने बताया कि सफाई नियमित हो प्रशासन को यह सुनिश्चित करना चाहिए। नये साल में पूरा शहर गंदगी और कचरा से पटा रहा। यह काफी दुख की बात है। शीघ्र मजदूरों के हड़ताल को खत्म कराकर शहर में सफाई व्यवस्था बहाल की जाए। उप मुख्य पार्षद वारिस अंसारी ने भी शहर में प्रतिदिन की साफ सफाई में किसी तरह की अनदेखी न हो,यह सुनिश्चित करने का आग्रह किया है।
बताया कि यह पूरे शहरवासियों के स्वास्थ्य व स्वच्छता से जुड़ा मुद्दा है,इसलिए इसकी अनदेखी अनुचित है। सिटी मैनेजर नीरज कुमार झा ने बताया कि मजदूर आउटसोर्सिंग के माध्यम से काम करते हैं। शहर में नियमित सफाई हो इसके लिए पहल की जा रही है। समस्याओं को खत्म किया जायेगा।



