भारत

‘वतन को जानो’ से राष्ट्रीय एकता को मिल रही मजबूती: उपराष्ट्रपति

नई दिल्ली- 09 अप्रैल। जम्मू-कश्मीर के 250 सदस्यीय युवा प्रतिनिधिमंडल ने ‘वतन को जानो’ कार्यक्रम के तहत गुरुवार को उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन से उपराष्ट्रपति भवन में मुलाकात की। यह कार्यक्रम गृह मंत्रालय और जम्मू-कश्मीर सरकार द्वारा राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।

उपराष्ट्रपति ने प्रतिनिधिमंडल को संबोधित करते हुए कहा कि जम्मू-कश्मीर के युवाओं में प्रतिभा, ऊर्जा और संकल्प की झलक साफ दिखाई देती है। उन्होंने हाल ही में श्रीनगर स्थित कश्मीर विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में अपनी यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य में महिलाओं की शिक्षा और सशक्तिकरण में उल्लेखनीय प्रगति हुई है।

उन्होंने जम्मू-कश्मीर क्रिकेट टीम की पहली बार रणजी ट्रॉफी जीत को युवा शक्ति और प्रगति का प्रतीक बताया। उपराष्ट्रपति ने कहा कि शिक्षा और खेल दोनों क्षेत्रों में युवाओं की उपलब्धियां राज्य के सकारात्मक परिवर्तन को दर्शाती हैं।

‘वतन को जानो’ कार्यक्रम की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि इस तरह की पहल युवाओं में साझा राष्ट्रीय पहचान, आत्मविश्वास और जागरूकता को बढ़ावा देती है तथा “एक भारत श्रेष्ठ भारत” की भावना को मजबूत करती है।

उन्होंने जम्मू-कश्मीर को प्राकृतिक सुंदरता और समृद्ध संस्कृति की भूमि बताते हुए कहा कि यह वैश्विक पर्यटन केंद्र बनने की क्षमता रखता है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे अपनी जड़ों से जुड़े रहें और राज्य को शांति, समृद्धि और विकास का प्रतीक बनाने में योगदान दें।

उपराष्ट्रपति ने यह भी कहा कि जम्मू-कश्मीर के छात्र सिविल सेवा, आईआईटी और आईआईएम जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। साथ ही उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का संदेश दिया।

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह भी मौजूद रहे। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पिछले एक दशक में जम्मू-कश्मीर में हुए विकास और युवाओं की बढ़ती आकांक्षाओं का उल्लेख किया।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button