भारत

देश में LPG की सप्लाई बाधित नहीं, एक दिन में आपूर्ति हुए 51 लाख से ज्यादा सिलेंडर : केन्द्र

नई दिल्ली- 09 अप्रैल। पश्चिम एशिया संकट के बीच केंद्र सरकार ने गुरुवार को कहा कि देश में एलपीजी की सप्लाई स्थिर बनी हुई है। बुधवार को 51 लाख से ज्यादा सिलेंडर आपूर्ति किए गए हैं। साथ ही कमर्शियल एलपीजी की सप्लाई लगभग 70 फीसदी तक बहाल कर दी गई है।

पेट्रोलियम और नेचुरल गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव (मार्केटिंग और ऑयल रिफाइनरी) सुजाता शर्मा ने गुरुवार को अंतर-मंत्रालयी प्रेसवार्ता में बताया कि मौजूदा वैश्विक भू-राजनीतिक चुनौतियों के बीच एलपीजी की लगभग 60 फीसदी जरूरत आयात पर निर्भर है, जिससे इसकी उपलब्धता प्रभावित हुई है। इसे संभालने के लिए घरेलू उपभोक्ताओं को प्राथमिकता दी गई है, जिससे घरों के लिए 100 फीसदी सप्लाई सुनिश्चित हो सके और डिस्ट्रीब्यूटरों के पास किसी भी तरह की कमी की रिपोर्ट न हो।

उन्होंने कहा कि ऑनलाइन बुकिंग 98 फीसदी तक और ओटीपी आधारित डिलीवरी 92 फीसदी तक पहुंच गई है। उन्होंने कहा कि कमर्शियल एलपीजी की सप्लाई लगभग 70 फीसदी तक बहाल कर दी गई है, जिसमें मुख्य क्षेत्रों के लिए थोक सप्लाई भी शामिल है। शर्मा ने कहा कि 14 मार्च से अब तक करीब एक लाख टन गैस सप्लाई की गई है, जिसमें कल सप्लाई किए गए 6,700 टन भी शामिल हैं। यह लगभग 3.5 लाख 19 किलो वाले गैस सिलेंडरों के बराबर है।

सुजाता शर्मा ने बताया कि 5 किलो वाले रसोई गैस सिलेंडरों की उपलब्धता बढ़ा दी गई है। 23 मार्च से अब तक 10 लाख से ज्यादा सिलेंडर बेचे जा चुके हैं, जबकि कल 1.06 लाख सिलेंडर बेचे गए। उन्होंने कहा कि 2,000 से ज्यादा जागरूकता शिविर आयोजित किए गए हैं, जिनमें 20,000 सिलेंडर वितरित किए गए। शर्मा ने बताया कि उर्वरक संयंत्रों को प्राकृतिक गैस की सप्लाई बढ़ाकर 95 फीसदी कर दी गई है, जबकि सीजीडी कंपनियां प्राथमिकता वाले क्षेत्रों को पूरी सप्लाई सुनिश्चित कर रही हैं। लगभग 3.97 लाख पीएनजी कनेक्शन चालू किए गए हैं, जबकि 4.3 लाख उपभोक्ताओं ने पंजीकरण कराया है और 18,000 से ज्यादा एलपीजी कनेक्शन वापस किए गए हैं।

पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव मुकेश मंगल ने बताया कि बंदरगाह, नौवहन और जलमार्ग मंत्रालय, विदेश मंत्रालय और भारतीय मिशनों के साथ मिलकर स्थिति पर सक्रिय रूप से नजर रख रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले 24 घंटों में भारतीय ध्वज वाले जहाजों या नाविकों से जुड़ी किसी भी घटना की कोई रिपोर्ट नहीं मिली है। भारतीय ध्वज वाला एलपीजी जहाज ‘ग्रीन आशा’, होर्मुज जलडमरूमध्य को पार करने के बाद सुरक्षित रूप से जवाहरलाल नेहरू पोर्ट अथॉरिटी पहुंच गया है।

मुकेश मंगल ने कहा कि डीजी शिपिंग कंट्रोल रूम ने अब तक लगभग 5,600 कॉल और 12,000 ईमेल संभाले हैं, जिनमें पिछले 24 घंटों के दौरान आए 166 कॉल और 317 ईमेल शामिल हैं। उन्होंने कहा कि 1,800 से अधिक भारतीय नाविकों को सुरक्षित रूप से स्वदेश वापस लाया गया है, जिनमें पिछले 24 घंटों में वापस लाए गए 49 नाविक भी शामिल हैं। मुकेश मंगल ने कहा कि पूरे भारत में बंदरगाहों का संचालन सामान्य बना हुआ है और कहीं भी भीड़भाड़ (कंजेशन) की स्थिति नहीं है। मंत्रालय नाविकों के कल्याण और समुद्री संचालन में किसी भी तरह की रुकावट न आने देने के लिए लगातार समन्वय बनाए हुए है।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button