
MADHUBANI:- तेज रफ्तार बाईक पेड़ से टकराई, बहनोई की मौत, साला गंभीर
मधुबनी- 08 अप्रैल। सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना झंझारपुर थाना क्षेत्र के बलियार बांध के समीप की बताई जा रही है, जहां एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बड़े पेड़ से टकरा गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार झंझारपुर प्रखंड के सुखेत गांव निवासी रामबाबू सदाय अपने जीजा के साथ मोटरसाइकिल से अपने गांव से मधुबनी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बलियार बांध के पास अचानक बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि रामबाबू सदाय के जीजा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रामबाबू सदाय गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल घायल को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया।
डॉक्टरों द्वारा प्राथमिक उपचार किया गया, लेकिन हालत नाजुक बनी रहने के कारण बेहतर इलाज के लिए उन्हें डीएमसीएच रेफर कर दिया गया। इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतक के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।



