
अंतरराष्ट्रीय सीमा से जुड़े जयनगर स्टेशन पर व्यवस्थाओं को बेहतर बनाऐंः डीएम
मधुबनी, 08 अप्रैल वार्ता बिहार में मधुबनी के जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने जिले के जयनगर रेलवे स्टेशन परिसर स्थित कस्टम कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालय की कार्यप्रणाली,उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं तथा सुरक्षा व्यवस्था का गहन एवं विस्तृत जायजा लिया। निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि कस्टम कार्यालय में आने वाले यात्रियों एवं व्यापारियों को सुगम,पारदर्शी एवं त्वरित सेवाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने दस्तावेजों के सत्यापन की प्रक्रिया को और अधिक सुव्यवस्थित करने,सीमा शुल्क से संबंधित कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखने तथा सभी मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया।
जिलाधिकारी ने परिसर की स्वच्छता व्यवस्था की समीक्षा करते हुए नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही,सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने और यात्रियों की सुविधा के दृष्टिकोण से आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने को कहा। उन्होंने कहा कि जयनगर एक अंतरराष्ट्रीय सीमा से जुड़ा महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशन है, अतः यहां की व्यवस्थाएं उच्च गुणवत्ता की होनी चाहिए, जिससे यात्रियों को बेहतर अनुभव मिल सके और प्रशासन की सकारात्मक छवि स्थापित हो।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने जयनगर रेलवे स्टेशन परिसर में संचालित विभिन्न विकासात्मक कार्यों की भी समीक्षा की तथा कार्यों में गति एवं गुणवत्ता सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके पूर्व जिलाधिकारी ने दुलीपट्टी क्षेत्र में सरकारी भूमि का स्थल निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सरकारी भूमि की अद्यतन स्थिति सुनिश्चित करने,अतिक्रमण की रोकथाम तथा भूमि अभिलेखों के समुचित संधारण के निर्देश दिये।



