
मधुबनी में स्थाई लोक अदालत का गठन, लोगों को मिलेगा सुलभ न्याय, अरविन्द कुमार सिंह अध्यक्ष, कमरे आलम व हेमंत सिंह सदस्य नियुक्त
मधुबनी- 07 अप्रैल। बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार पटना की अधिसूचना संख्या-33 के तहत स्थाई लोक अदालत मधुबनी का गठन किया गया है। इसमें अरविन्द कुमार सिंह-द्वितीय सेवा निवृत्त जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश को अध्यक्ष बनाया गया है। जबकि मो.कमरे आलम को गैर न्यायिक सदस्य नियुक्त किया गया है। वहीं अधिवक्ता हेमंत कुमार सिंह को सदस्य नियुक्त किए गए हैं। इस अदालत का क्षेत्राधिकार केवल मधुबनी जिले तक सीमित रहेगा।
अदालत के अध्यक्ष सेवा निवृत्त जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश अरविन्द कुमार ने बताया कि यह अदालत एक करोड़ रुपए तक के मामलों का निपटारा कर सकेगी। इस अदालत में जिन मामलों का निपटारा होगा, वे लोक उपयोगी सेवाओं से जुड़े होंगे। इनमें वायु,सड़क या जलमार्ग से यात्री या माल ढुलाई सेवा, डाक, तार या टेलीफोन सेवा, बिजली, प्रकाश या जल आपूर्ति, सार्वजनिक मल वहन या सफाई व्यवस्था, अस्पताल या औषधालय सेवा और बीमा सेवा शामिल हैं।



