
MADHUBANI:- त्योहार के दौरान असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखें: SP
मधुबनी- 25 मार्च। जिले की सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद करने और पुलिसिया कार्यप्रणाली को सुधारने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने बुधवार की देर शाम नगर थाना का औचक निरीक्षण किया। एसपी के अचानक पहुंचने से थाना परिसर में अफरा-तफरी का माहौल रहा। निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाने के विभिन्न महत्वपूर्ण दस्तावेजों और अभिलेखों की गहनता से जांच की। उन्होंने फाइलों के रख-रखाव की स्थिति का जायजा लिया और थाना प्रभारी को निर्देश दिया कि लंबित कांडों का निष्पादन जल्द से जल्द किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अभिलेखों का अद्यतन रहना अनिवार्य है, ताकि किसी भी कानूनी प्रक्रिया में देरी न हो। आगामी रामनवमी पर्व को देखते हुए एसपी योगेंद्र कुमार ने सुरक्षा के कड़े निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखी जाए।
एसपी ने जोर देकर कहा कि पुलिस बल पूरी तरह अलर्ट मोड पर रहे। मधुबनी शहर के संवेदनशील इलाकों में गश्त बढ़ाई जाए। आम नागरिकों को सुरक्षा का पूरा अहसास हो और वे बिना किसी डर के पर्व मना सकें।पर्व के दौरान सुरक्षा में कोई कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शहरवासियों की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है और पुलिस बल हर स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहे। नीरीक्षण के अंत में उन्होंने थाना परिसर की साफ-सफाई और पुलिसकर्मियों की उपस्थिति की भी जांच की।



