
MADHUBANI:- 34.8 लीटर नेपाली शराब के साथ दो कारोबारी गिरफ्तार
मधुबनी, 05 मार्च। होली के दिन शराब कारोबारियों के विरुद्ध चलाए गए विशेष अभियान में मधुबनी जिले के घोघरडीहा थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली। पुलिस ने 34.8 लीटर नेपाली देशी शराब के साथ दो कारोबारियों को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही मौके से एक होंडा साइन बाइक भी जब्त की गई। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को गुरुवार को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। थानाध्यक्ष शुभम कुमार ने बताया कि बुधवार को होली के दिन गुप्त सूचना मिली थी कि प्रखंड कार्यालय के पीछे स्थित गाछी में दो व्यक्ति शराब की अवैध खरीद-बिक्री कर रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान पुलिस वाहन को देखते ही बाइक सवार दो लोग भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन पुलिस जवानों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर बाइक पर बोरे में बंधी गठरी से 300 एमएल की 116 बोतल मामाश्री ब्रांड नेपाली देशी शराब बरामद की गई, जिसकी कुल मात्रा 34.8 लीटर बताई गई है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान फुलपरास थाना क्षेत्र के इनरवा गांव निवासी 51 वर्षीय मोहन कुमार और 24 वर्षीय बिनोद कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के विरुद्ध बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष ने बताया कि क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार के विरुद्ध पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा।



