
छत्तीसगढ़ के महासमुंद में दर्दनाक सड़क हादसे में दो सगे भाई समेत 3 की दर्दनाक मौत
रायपुर- 21 फरवरी। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में शुक्रवार देर रात आरंग थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो सगे भाई समेत तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उस की हालत नाजुक बनी हुई है।
आरंग पुलिस ने बताया है कि हादसा आरंग थाना क्षेत्र के अंतर्गत महानदी मोड़ के पास हुआ ।जहां तेज रफ्तार टाटा विस्टा कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर और लोहे की रेलिंग तोड़ते हुए दुर्घटनाग्रस्त हो गई। कार में चार युवक सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि वाहन काफी तेज गति में था। अचानक संतुलन बिगड़ने से कार पहले डिवाइडर से टकराई और फिर रेलिंग तोड़ते हुए सड़क किनारे पलट गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। ये चारों दोस्त आरंग से किसी निजी काम के लिए महासमुंद की ओर जा रहे थे, तभी महानदी पुल के पास यह भीषण हादसा हुआ।
मृतकों की पहचान हर्ष देवांगन, राहुल देवांगन और थानू सतनामी के रूप में हुई है। हादसे में मिथलेश धीवर नामक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसका इलाज अस्पताल में जारी है। हर्ष और राहुल सगे भाई बताए जा रहे हैं। सभी की उम्र 20 से 22 वर्ष के बीच थी।हादसे का शिकार हुए तीनों युवक (हर्ष देवांगन, राहुल देवांगन और थानू सतनामी) महासमुंद जिले के बागबाहरा क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
आरंग पुलिस ने आज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में शवों का पोस्टमार्टम कराया है, जिसके बाद पार्थिव देह परिजनों को सौंप दी गई है। एक ही परिवार के दो बेटों की एक साथ मौत की खबर से पूरे इलाके में शोक की लहर है।



