मधुबनी- 14 जुलाई। पंडौल थाना क्षेत्र अंतर्गत नाहर मोइन टोला में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां 27 वर्षीय युवक सलमान की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मृतक के मामा मोहम्मद मुन्ना ने बताया कि सलमान मुंबई में मजदूरी करता था और कुछ दिन पहले ही छुट्टी में घर आया था। सोमवार तड़के 3 बजे यह घटना हुई जब घर पर सोए सलमान पर अचानक हमला हुआ। परिजनों द्वारा आनन-फानन में सदर अस्पताल मधुबनी लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के मामा मोहम्मद मुन्ना ने प्रशासन से हाथ जोड़कर न्याय की मांग की है। उन्होंने कहा, मेरा भांजा बहुत ही गरीब और मेहनती लड़का था। जिसने उसे मारा है, उसे फांसी की सजा दी जाए। इस दर्दनाक घटना ने सलमान के परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। सलमान की मां और बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार वालों के अनुसार सलमान बेहद शांत स्वभाव का था और घर का इकलौता कमाने वाला था। उसकी शादी दो महीने बाद तय थी और घटना के दिन ही वह मुंबई लौटने वाला था। परिजनों ने बताया कि सलमान की पुरानी रंजिश चल रही थी। मोहल्ले के ही आफताब नामक युवक और उसके ग्रुप के साथ पहले भी विवाद हुआ था। सलमान पर दुकान जलाने और मारपीट का आरोप भी इसी ग्रुप पर लगाया गया है। मृतक की मां के अनुसार, कुछ दिन पहले ही आफताब ने धमकी दी थी कि तुझे जान से मार देंगे, जिससे परेशान होकर सलमान मुंबई चला गया था। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पंडौल थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल मधुबनी भेज दिया है। वहीं मामले की जांच में जुट गई है। ईधर एसपी योगेंद्र कुमार ने बताया कि मुख्य आरोपी आफताब को हिरासत में ले लिया गया है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
