
उत्तर पश्चिम रेलवे के 419 स्टेशनों पर मुफ्त हाई स्पीड वाई-फाई इंटरनेट सेवा शुरू
बीकानेर-17 दिसंबर। यात्रियों की सुविधा तथा इंटरनेट के उपयोग को देखते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे पर 419 स्टेशनों पर मुफ्त हाई स्पीड वाई-फाई सुविधा उपलब्ध करवाई गई है। उत्तर पश्चिम रेलवे का लक्ष्य सभी 586 स्टेशनों पर मुफ्त हाई स्पीड वाई-फाई सुविधा प्रदान करने का है।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अभय शर्मा के अनुसार वाई-फाई सुविधायुक्त स्टेशनों की संख्या में जयपुर मण्डल के 89 स्टेशन, जोधपुर मण्डल के 120 स्टेशन, अजमेर मण्डल के 86 स्टेशन बीकानेर मण्डल के124 स्टेशन है।
डिजिटल इंडिया की इस उल्लेखनीय पहल को सम्पूर्ण भारतीय रेलवे पर स्थापित करने की जिम्मेदारी रेलवे मिनी रत्न उपक्रम “रेलटेल“ को प्रदान की गई है। रेलटेल द्वारा अपने निरन्तर और अथक प्रयासों से रेलवायर के नाम से उच्च स्तरीय वाई-फाई सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है। रेलटेल ने अब तक सम्पूर्ण भारत में 6070 से अधिक रेलवे स्टेशनों पर इस सुविधा को स्थापित किया है।
उत्तर पश्चिम रेलवे द्वारा स्टेशनों पर उपलब्ध वाई-फाई सुविधा की पहुंच को अधिकाधिक यात्रियों तथा आमजन तक बढ़ाने के लिये जागरूकता अभियान चलाये जाते है। इसके अतिरिक्त सोशल मीडिया, स्टेशनों पर निरन्तर उद्घोषणा, होर्डिंग्स, बैनर और पोस्टर के माध्यमों से भी यात्रियों को वाई-फाई सुविधा के उपयोग के बारे में जानकारी प्रदान की जाती है। रेलटेल द्वारा प्रदत रेलवायर दुनिया के सबसे बड़े और सबसे तेज वाई-फाई नेटवर्क में सम्मलित है। भारतीय रेलवे का लक्ष्य अपने सभी रेलवे स्टेशनों (हॉल्ट को छोड़कर) पर तीव्र गति युक्त मुफ्त वाई-फाई सुविधा प्रदान करने का है जिस पर कार्य किया जा रहा है।



