
बिहार
MADHUBANI:- शव दफनाने को लेकर दो पक्षों में हुआ विवाद, प्रशासन की हस्तक्षेप से मामला सुलझा
मधुबनी- 25 दिसंबर। घोघरडीहा थाना क्षेत्र के पिरोजगढ़ गांव में बैध टोल जाने वाली सड़क के किनारे स्थित कब्रिस्तान में बुधवार को शव दफनाने को लेकर दो समुदायों के बीच विवाद हो गया। हालांकि मामले की सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस प्रशासन ने दोनो पक्षो को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। इसके बाद शव को दफनाया गया। बता दें कि पिरोजगढ़ गांव के मुस्लिम मुहल्ला में एक मुस्लिम व्यक्ति का निधन हो गया था। परिजन के साथ ग्रामीण शव को लेकर कब्रिस्तान में दफनाने पहुंचे तो कुछ लोगों ने जमीन की बात कहकर शव को दफनाने से रोक दिया। इसको लेकर बात-विवाद शुरू हो गया। काफी संख्या में मुस्लिम बस्ती के लोग इकट्ठा हो गए। भीड़ को देखकर दूसरे पक्ष के स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन को सूचना दी। मौके पर घोघरडीहा बीडीओ धीरेन्द्र कुमार धीरज एवं थानाध्यक्ष सर्वेश कुमार झा सदल बल घटना स्थल पर पहुंचकर दोनों पक्षों से वार्ता कर बीच का रास्ता निकाल कर मामले को शांत करवाया। इसके बाद शव को दफन किया गया। मालूम हो कि पिरोजगढ़ बैध टोला स्थिति कब्रिस्तान के जमीन के बीचों बीच श्मशान की जमीन भी है। दोनों पक्षों में सीमांकन को लेकर बराबर विवाद हुआ करता है। समय समय पर प्रशासन के हस्तेक्षप से मामला को शांत करा दिया जाता है। इससे पहले हुए विवाद के बाद प्रशासन के आदेश पर सीमांकन कर दिया गया था। लेकिन पुनः कब्रिस्तान और शमशान की जमीन को लेकर विवाद हो गया। बीडीओ धीरेंद्र कुमार धीरज ने बताया कि वार्ता के बाद दोनों पक्ष मान गए कोई विवाद नही है।



