
बिहारः सात हजार एएनएम को अपने हाथों नियुक्ति पत्र सौंपेंगे CM नीतीश
पटना- 09 दिसंबर। स्वास्थ्य विभाग में जल्द ही सात हजार नए एएनएम की नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। अगले सप्ताह स्वास्थ्य विभाग को एक साथ सात हजार नए एएनएम मिलेंगी। सबसे बड़ी बात यह है कि इन एएनएम को नियुक्ति पत्र खुद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपने हाथों सौंपेंगे। स्वास्थ्य विभाग ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है।
स्वास्थ्य विभाग के आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि हाल ही में तकनीकी सेवा चयन आयोग के माध्यम से एएनएम अभ्यर्थियों की नियुक्ति की अनुशंसा स्वास्थ्य विभाग को भेजी गई है। 14 दिसंबर को स्वास्थ्य विभाग के तहत संचालित राज्य स्वास्थ्य समिति परिसर में राज्यस्तरीय समारोह का आयोजन किया जाएगा। इस मौके पर मुख्यमंत्री, स्वास्थ्य मंत्री, स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव, राज्य स्वास्थ्य समिति के कार्यपालक निदेशक सहित तमाम वरीय अधिकारी मौजूद रहेंगे। राज्य में सामान्य चिकित्सक, विशेषज्ञ चिकित्सक, एएनएम व अन्य पारा मेडिकल कर्मियों की नियमित नियुक्ति की गई है। इसके अतिरिक्त राष्ट्रीय स्वास्थ्य योजना के तहत संविदा पर स्वास्थ्य कर्मियों की भी तैनाती की गई है। समारोह के दौरान राज्य के अस्पतालों में स्वास्थ्यकर्मियों की तैनाती पर चर्चा की जाएगी।



