
चिड़ियाघर के 100 साल पूरे होने पर सीएम ने किया शताब्दी स्तंभ का अनावरण,कहा-संपूर्ण पर्यावरण की रक्षा करना हमारा दायित्व
लखनऊ- 29 नवम्बर। सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि संपूर्ण पर्यावरण की रक्षा करना हमारा दायित्व है। 70 सालों में यूपी में केवल दो प्राणि उद्यान थे। यूपी के गोरखपुर जिले को प्राणि उद्यान के रूप में एक नई सौगात प्रदेश सरकार ने दी है। नवाब वाजिद अली शाह प्राणि उद्यान के 100 साल पूरे होने के अवसर पर सोमवार को आयोजित कार्यक्रम में बोलते हुए मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि मैं अक्सर इस बात को मानता हूं कि अगर किसी व्यक्ति के व्यवहार को जानना है तो उसके जीव जन्तुओं के प्रति व्यवहार को देखकर समझा जा सकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्राणि उद्यान अपनी 100 साल की शानदार यात्रा में कई अनमोल पलों को सहेजे हुए हैं। यहां कई ऐसे आकर्षक केन्द्र हैं जो सैलानियों को अपनी ओर आकर्षित करते हैं। उन्होंने कहा कि वन्यजीव के प्रति लगाव और पर्यावरण के प्रति बच्चों को जागरूक करने के लिए चिड़ियाघर में समय-समय पर अलग अलग तरह के कार्यक्रमों को आयोजित किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि कोरोना काल में न सिर्फ हम लोगों ने प्रदेशवासियों की जान बचाई बल्कि इटावा के लॉयन सफारी में संक्रमण की चपेट में आए वन्यलजीवों को भी बचाने का काम किया है। पिछले पांच सालों में पर्यावरण को लेकर यूपी में कई सकारात्क कार्य किए गए हैं। प्रदेश में 100 करोड़ वृक्षारोपण किया गया। पहली बार यूपी वृहद वृक्षरोपण अभियान का साक्षी बना। पांच सालों में 100 करोड़ वृक्षारोपण का कार्य वन विभाग के लिए चुनौति थी, पर कोरोना के बावजूद इसको पूरा किया। उन्होंने कहा कि शताब्दीक वर्ष के अवसर पर प्राणि उद्यान में नयापन लाने की जरूरत है। प्रतियोगिताओं का आयोजन,नई कार्ययोजनाओं को बनाकर लागू किया जाना चाहिए।
शताब्दी स्तंभ का सीएम ने किया अनावरण—
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी ने शताब्दी,स्तंभ का अनावरण करने के साथ ही चिड़ियाघर के सौ वर्ष के सफर में प्रकाशित हुई स्मारिका, डाक टिकट, ‘चित्रों में चिड़ियाघर’ पुस्तक का भी विमोचन किया।
इस अवसर पर उन्होंने नर और मादा बाघ शावकों का नामकरण किया। शताब्दी वर्ष के अवसर पर आयोजित हुई विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं एवं चिड़ियाघर के उत्थान में आर्थिक रूप से मदद करने वाले लोगों को मुख्यमंत्री ने सम्मानित किया।



