
कृषि कानूनों की वापसी की घोषणा पर CM गहलोत बोले, यह किसानों के धैर्य व बलिदान की जीत
जयपुर- 19 नवंबर। पीएम नरेन्द्र मोदी की ओर से गुरु पर्व और कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर तीन नए कृषि कानूनों को वापस लेने के ऐलान पर अब सियासी प्रतिक्रियाओं का दौर शुरू हो गया है। सीएम अशोक गहलोत ने ट्वीट कर तीनों काले कृषि कानूनों की वापसी की घोषणा को लोकतंत्र की जीत और मोदी सरकार के अहंकार की हार बताया है।
राष्ट्र को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरु पर्व और कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर तीन नए कृषि कानूनों को वापस लेने का ऐलान किया। इसके बाद शुक्रवार सुबह सीएम अशोक गहलोत ने ट्वीट किया। उन्होंने लिखा कि केंद्र सरकार ने तीनों काले कृषि कानूनों की वापसी की घोषणा की है। यह लोकतंत्र की जीत और मोदी सरकार के अहंकार की हार है। यह पिछले एक साल से आंदोलनरत किसानों के धैर्य की जीत है। देश कभी नहीं भूल सकता कि मोदी सरकार की अदूरदर्शिता और अभिमान के कारण सैकड़ों किसानों को अपनी जान गंवानी पड़ी। मैं किसान आंदोलन में शहादत देने वाले सभी किसानों को नमन करता हूं। यह उनके बलिदान की जीत है।



