
मधुबनी-16 नवंबर। हरलाखी थाना क्षेत्र के उमगांव प्रखंड मुख्यालय स्थित पंजाब नैशनल बैंक की शाखा से पैसे निकालकर वापस आ रही महिला को ठगों ने लालच देकर 45 हजार रुपये उड़ा लिए। दरअसल ठगों ने बैंक के अंदर घुसकर महिला पर पहले से ही नजर रखे हुए थे। जैसे ही महिला निकासी काउंटर से पैसे प्राप्त कर बाहर निकलने लगी तो ठगों ने महिला से नजदीकी बढ़ाकर बातचीत शुरू कर दी। तथा कहा कि मेरे पास इस रुमाल में 2 लाख रुपये रखें हुए हैं। तथा एक आदमी का इंतजार कर रहे हैं। इसी दरम्यान ठगों ने महिला को लालच देते हुए कहा कि यह दो लाख रुपये फिलहाल अपने पास रख लीजिए और मुझे केवल कुछ ही रुपयों की जरूरत है। इसलिए आप अपना पैसा मुझे दे दीजिए और मैं तत्काल एक काम कर लेता हूँ।
महिला दो लाख रुपये समझकर लालच में आ गई और अपना निकासी कराया 45 हजार रुपया ठगों को दे दिया। पैसे मिलते ही ठग वहां से भाग निकले और महिला ने जब रुमाल खोलकर देखा तो उसमें पैसे की जगह कागज के बंडल थे। महिला वहां चीखपुकार करने लगी। आस पास के लोग जमा हुए तो महिला ने अपना परिचय सोठगांव मधुबनी टोला निवासी मो. जहीर राइन की पत्नी मैफुल खातून के रूप में बताई है। महिला ने कहा कि बैंक में जब वे पैसे निकाल रही थी तो वे ठग लोग उसके अगल बगल में ही खड़े थे। जिसकी तस्वीर सीसीटीवी में भी आई होगी।
बैंक के सीसीटीवी में तस्वीर देखकर ठगों को पहचान सकती है। बहरहाल उमगांव पीएनबी शाखा में महिला के साथ ठगी का यह कोई पहला मामला नहीं। बीते दिनों में इसी तरह की कई घटनाएं हुई है। इसके बावजूद न तो बैंक शाखा की ओर से ग्राहकों को जागरूक करने के लिए कोई पहल की गई और नहीं लोग इस तरह की घटना से सतर्क हो रहे हैं। हालांकि पीड़ित महिला ने थाना में लिखित आवेदन देकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। थानाध्यक्ष प्रेमलाल पासवान ने बताया कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।



