
पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर की थी पति की हत्या, 4 गिरफ्तार
बाराबंकी-09 अगस्त। टिकैतनगर थाना पुलिस ने बुधवार को संजीत हत्याकांड का खुलासा कर दिया है। हत्या के आरोप में युवक की पत्नी उसके पिता,भाई और प्रेमी को गिरफ्तार किया है। महिला ने प्रेम संबंधों में रोड़ा बन रहे पति को प्रेमी के साथ मिलकर हत्या की थी। इसके बाद पिता और भाई के साथ मिलकर शव को रात में ही जला दिया।
पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह ने बुधवार को घटना का खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि नबीपुर गांव में रहने वाली महिला रमपता ने आठ अगस्त को तहरीर दी थी। इसमें उन्होंने बताया कि उनकी बहू निशा ने अपने प्रेमी, पिता और भाई के साथ मिलकर उनके बेटे की हत्या कर दी है। रात में ही शव को जला दिया।
टिकैतनगर पुलिस ने महिला की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी। घटना से सम्बन्धित समस्त पहलुओं की बारीकी से जांच करते हुए पुलिस ने तमाम साक्ष्यों के आधार पर निशा,उसके प्रेमी गिरजोधन,पिता रामकेदार,भाई लोधी को भेलसर रोड से गिरफ्तार कर लिया। वे लोग गांव से दूसरे शहर भागने की फिराक में थे। अभियुक्तों के पास से पुलिस ने दो मोबाइल, मृतक संजीत की जली हुई हड्डी व राख एवं घटना में प्रयुक्त दुपट्टा भी बरामद किया है।
पूछताछ में निशा ने बताया क गांव के ही गिरजोधन से प्रेम संबंध हो गए थे। इस दौरान उन्होंने शारीरिक संबंध भी बनाए, जबकि इसकी जानकारी होने पर पति संजीत विरोध करता था। उसे रास्ते से हटाने के लिए योजना के तहत 25 जुलाई की रात्रि संजीत को नशे में करने के बाद उसकी दोनों ने मिलकर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी थी। आत्महत्या का रूप देने के लिए संजीत के गले में रस्सी बांधकर शव को खिड़की से लटका दिया गया। इसके बाद निशा ने अपने पिता रामकेदार लोधी व भाई शिवराम लोधी को बुलाकर साक्ष्य छुपाने के उद्देश्य से शव को रात्रि में ही जला दिया था। हत्या के चारों आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई करते जेल भेज दिया गया है।



