स्पोर्ट्स

एशियन चैंपियनशिप की ट्रॉफी का देशभर में भ्रमण कराए जाने से खिलाड़ियों का बढ़ेगा उत्साह: CM सोरेन

रांची- 17 जुलाई। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने तीन अगस्त से शुरू होने वाले हीरो एशियन हॉकी चैंपियनशिप ट्रॉफी चेन्नई- 2023 की प्रतिष्ठित ट्रॉफी का सोमवार को अनावरण किया। इस अवसर पर उन्होंने “पास द बॉल ट्रॉफी टूर” अभियान को लॉन्च करते हुए भारतीय हॉकी टीम को शुभकामनाएं दी। मुख्यमंत्री ने आशा व्यक्त कि इस चैंपियनशिप में भारतीय हॉकी टीम बेहतर और शानदार खेल का प्रदर्शन करेगी।

चैंपियनशिप के प्रति उत्साह और आकर्षण बढ़ेगा—

मुख्यमंत्री ने कहा कि हीरो एशियन हॉकी चैंपियनशिप-2023 की ट्रॉफी का देश के विभिन्न शहरों में भ्रमण कराया जाना एक बेहतरीन कदम है। इससे ना सिर्फ हॉकी खिलाड़ियों, बल्कि खेल प्रेमियों के बीच भी चैंपियनशिप के प्रति आकर्षण और उत्साह का संचार होगा। इसके साथ आम लोगों में भी हॉकी की प्रति लगाव बढ़ेगा।

झारखंड की धरती से निकले हैं कई अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी—

मुख्यमंत्री सोरेन ने कहा कि झारखंड का हॉकी से गहरा नाता रहा है। खूंटी और सिमडेगा जैसे जिलों के गांव -गांव में हॉकी बसती है। यहां के बच्चे-बच्चियों में बचपन से ही स्टिक पर “मैजिक” शुरू हो जाती है। ऐसा लगता है कि हॉकी के बिना उनकी जिंदगी अधूरी सी है। इसी का नतीजा है कि यहां के कई खिलाड़ी राष्ट्रीय- अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बना चुके हैं। यहां से कई अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी निकले हैं, जिन्होंने अपने खेल से झारखंड और देश का नाम रोशन किया है।

भारत पहली बार कर रहा मेजबानी—

एशियन हॉकी चैंपियनशिप का भारत पहली बार मेजबानी कर रहा है। इसका आयोजन चेन्नई में 3 से 12 अगस्त तक हो रहा है। इस चैंपियनशिप में मेजबान भारत समेत दक्षिण कोरिया, मलेशिया, जापान, पाकिस्तान और चीन की टीम मुख्य रूप से भाग ले रही हैं। भारतीय टीम अब तक तीन बार एशियन हॉकी चैंपियनशिप का विजेता बना है। भारत ने वर्ष 2011, वर्ष 2016 और वर्ष 2018 में खिताब जीता था।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री के सचिव विनय कुमार चौबे, झारखंड के खेल निदेशक सरोजिनी लकड़ा, हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह, हॉकी झारखंड के महासचिव विजय शंकर सिंह, हॉकी झारखंड के उपाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार, हॉकी झारखंड के सीईओ रजनीश कुमार मौजूद थे।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button