
भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुए कमल हासन
नई दिल्ली- 24 दिसंबर। कलाकार और नेता कमल हासन शनिवार को दिल्ली में भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुए। इस दौरान हासन ने मंच से कहा कि यह समय देश को जोड़ने का है। ऐस में पार्टी लाइन से ऊपर उठकर हमें इस यात्रा में जुड़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी बड़ा काम कर रहे हैं। उनके इस मुहिम में वह साथ हैं।
हासन ने कहा कि उनके नाम में जरूर कमल है लेकिन उनका परिवार कांग्रेस से जुड़ा रहा है।
उन्होंने कहा कि हमारी विचारधाराएं जरूर अलग-अलग थीं और उन्होंने अपनी राजनीतिक पार्टी भी बनाई है लेकिन जब देश की बात आती है तो सभी राजनीतिक लाइन धुंधली पड़ जाती हैं। हासन ने कहा कि उनसे लोग पूछ रहे हैं कि वह भारत जोड़ो यात्रा में क्यों आए हैं। उनको वह जवाब देना चाहते हैं कि वह भारत के नागरिक होने के नाते अपना कर्तव्य निभाने आए हैं।
उल्लेखनीय है कि भारत जोड़ो यात्रा आज हरियाणा से दिल्ली में दाखिल हुई है। दिल्ली में कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी, केसी वेणुगोपाल सहित पार्टी के अन्य नेताओं ने राहुल गांधी के साथ मार्च किया। इस यात्रा में कमल हासन के साथ-साथ स्वरा भास्कर, अमोल पालेकर, सुशांत सिंह, रिया सेन और पूजा भट्ट ने भी हिस्सा लिया है।



