
बिहार में होगी अग्निवीरों की बहाली, जल्द होगी अधिसूचना जारी: कर्नल तेजेंद्र
पटना- 28 जून। केंद्र सरकार की सेना बहाली को लेकर लाई गई स्कीम अग्निपथ का सबसे ज्यादा विरोध करने वाले प्रदेश बिहार में अग्निवीरों की बहाली जल्द की जायेगी। बिहार में छात्रों ने अग्निपथ योजना के खिलाफ जमकर हिंसक आंदोलन किया था, लेकिन अब सब कुछ शांत हो चुका है। छात्रों का भ्रम भी पहले से कम हुआ है।
बिहार में सेना भर्ती मुख्यालय कार्यालय दानापुर की ओर से अग्निपथ योजना के तहत जल्द ही भर्ती प्रक्रिया की अधिसूचना जारी की जाएगी। भर्ती कार्यालय दानापुर के निदेशक कर्नल तेजेंद्र सिंह ने बताया कि इस योजना के तहत अग्निवीर कहलाने वाले युवाओं को चार साल की अवधि के लिए सशस्त्र बलों में सेवा का मौका मिलेगा। अग्निवीरों को उनके सेवाकाल के दौरान आकर्षक मासिक वेतन व अन्य भत्ते तथा चार साल के बाद सेवानिवृत्त होने पर सेवा निधि योजना के तहत टैक्स फ्री रकम भी दी जाएगी।
अग्निवीरों को सेवा निवृत्ति पर 11.71 लाख दिये जायेंगे। इसके अलावे उन्हें चिकित्सा सुविधा, 48 लाख का गैर अंशदायी जीवन बीमा कवर,अग्निवीर के शहीद होने पर 44 लाख की अतिरिक्त अनुग्रह राशि,सेवानिवृति के बाद पुनः रोजगार के लिए अग्निवीर कौशल प्रमाण पत्र दिया जाएगा।कार्य कौशल और शैक्षणिक योग्यता बढ़ाने का उन्हें अवसर मिलेगा। सेवानिवृत्ति के पश्चात केंद्र एवं राज्यस्तर पर आई पुलिस फोर्सेस में 10 फीसदी आरक्षण के साथ रोजगार के बेहतर अवसर प्रदान किए जाएंगे।



