
BIHAR:- अस्पताल में भर्ती पत्नी को खाना पहुंचाने जा रहे पति की सड़क हादसे में मौत
बेगूसराय- 03 जून। अस्पताल में भर्ती अपने पत्नी को खाना पहुंचाने जा रहे युवक की राष्ट्रीय उच्च पथ (एनएच)-28 पर सड़क हादसों में मौत हो गई। शुक्रवार की दोपहर यह घटना बछवाड़ा थाना क्षेत्र के फतेहा यूको बैंक के समीप हुई। जहां कि एनएच पर बोलेरो एवं मोटरसाइकिल की टक्कर में एक युवक की मौत घटनास्थल पर ही हो गई, जबकि मोटरसाइकिल सवार दो युवक घायल हो गए हैं। घटना से आक्रोशित लोगों ने एनएच को जामकर यातायात ठप कर दिया। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायल को ईलाज के समुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बछवाड़ा में भर्ती कराया गया है।
मृतक की पहचान समस्तीपुर जिले के उजियारपुर थाना क्षेत्र स्थित महथी गांव निवासी राम यतन पासवान के पुत्र धर्मेन्द्र पासवान के रूप में किया गया है। जबकि घायल की पहचान बछवाड़ा थाना क्षेत्र के फतेहा निवासी रतन पासवान व लीला पासवान का पुत्र अंकित कुमार के रूप में किया गया है। ग्रामीणों ने बताया कि मृतक युवक अपने ससुराल फतेहा के पंसस इन्द्राशन देवी के यहां एक सप्ताह पूर्व पत्नी के साथ आया था। पांच-छह दिन पहले उसकी पत्नी ने दलसिंहसराय के निजी अस्पताल में एक बच्ची को जन्म दिया था। जिसके बाद से अस्पताल में रहने के कारण धर्मेंद्र प्रत्येक दिन अपने ससुराल फतेहा से खाना लेकर अस्पताल जाता था।
शुक्रवार की दोपहर अपने दो चचेरे साला के साथ खाना लेकर मोटरसाइकिल से दलसिंहसराय अस्पताल जा रहा था। इसी दौरान फतेहा यूको बैंक के समीप तेज गति से बैक हो रहे बोलेरो से टकराकर धर्मेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मोटरसाइकिल सवार दो अन्य युवक घायल हो गए। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने एनएच-28 को जाम कर दिया तथा एनएचआई एवं टॉल प्लाजा पर सुरक्षा व्यवस्था की कमी का आरोप लगाते हुए जमकर बबाल काटा। करीब एक घंटा के बाद थानाध्यक्ष अजित कुमार ने लोगों को काफी समझा-बुझाकर सरकारी स्तर से मुआवजा दिलाने का आश्वासन देते हुए सड़क जाम समाप्त कराया तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है, अस्पताल में भर्ती पत्नी की हालत और गंभीर हो गई है।



