ताज़ा ख़बरें

PANJAB: 80 के दशक से चल रहा है कलाकारों की हत्या का सिलसिला

चंडीगढ़- 30 मई। पंजाब में प्रसिद्ध गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी कई गायक गैंगस्टरों के निशाने पर रहे हैं। पंजाब में जहां कई गायकों व कलाकारों पर जानलेवा हमले हो चुके हैं, वहीं पंजाबी गायकों से फिरौती मांगने की घटनाएं भी आम हो गई हैं। जिस तरह बॉलीवुड में कभी अंडरवर्ल्ड का दबदबा रहा करता था, उसी तरह पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री में गैंगस्टरों का दखल लगातार बढ़ता जा रहा है।

सिद्धू मूसेवाला जिस तरह से अपने गीतों को लेकर विवादों में रहे हैं उसी तरह 1980 के दशक में अमर सिंह चमकीला चर्चाओं में रहे थे। चमकीला पर द्विअर्थी गानों का आरोप रहा था। पंजाब में जब आतंकवाद चरम पर था तो 8 मार्च 1988 को एक मोटरसाइकिल गिरोह ने अमर सिंह चमकीला को दिनदहाड़े गोलियों से छलनी कर दिया। गायक की हत्या का दोषी आतंकवादियों को माना गया। उस समय यह बात भी चर्चा में थी कि दूसरे गायकों ने साजिश करके उन्हें मरवाया है। चमकीला की मौत का रहस्य आजतक नहीं खुला। जिस समय उनकी हत्या की गई वह 28 वर्ष के थे।

करीब चार साल पहले पॉलीवुड में गैंगस्टरों ने एंट्री की। इनके निशाने पर कई नामी गायक और कलाकार आ गए। सबसे पहले इन्होंने गायक व कलाकार परमीश वर्मा को निशाना बनाया। गायक परमीश वर्मा पर 13-14 अप्रैल 2018 को उस समय हमला हुआ, जब वे चंडीगढ़ से शो करने के बाद सेक्टर-91 स्थित अपने घर जा रहे थे। इस दौरान सेक्टर-76 में गैंगस्टरों ने फायरिंग कर दी थी। परमीश वर्मा को फोर्टिस अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। बाद में गैंगस्टर दिलप्रीत सिंह बाबा ने फेसबुक पर पोस्ट डालकर इस हमले की जिम्मेदारी ली थी।

जून 2018 में पंजाब के प्रसिद्ध लोकगायक एवं फिल्म अभिनेता गिप्पी ग्रेवाल कैरी ऑन जट्टा की प्रमोशन में व्यस्त थे। इस दौरान उन्हें भी जान से मारने धमकी मिली थी। इसके बाद उनकी शिकायत पर मोहाली पुलिस ने गैंगस्टर दिलप्रीत सिंह बाबा पर केस दर्ज किया था।

वर्ष 2019 में पंजाब के प्रसिद्ध लोकगायक नवजोत सिंह की गोली मारकर हत्या करके शव को फेंक दिया गया। यह मामला अभी भी अनसुलझा है।

कुछ माह पहले पंजाबी गायक मनकीरत औलख को फेसबुक पर जान से मारने धमकी मिली थी। इसके बाद आरोपियों ने अपनी पोस्ट को वहां से हटा लिया था। औलख ने मोहाली पुलिस को शिकायत दी थी। इसके बाद मोहाली पुलिस ने तुरंत उन्हें दो सुरक्षाकर्मी मुहैया करवाए थे।

पंजाबी गायक बलकार सिद्धू से दस लाख रुपये की फिरौती मांगी गई थी। इस मामले में खरड़ पुलिस ने मामला दर्ज किया था मगर अभी तक कोई कामयाबी नहीं मिली है। पंजाबी गायक रॉय जुझार को भी अश्लील पंजाबी गीतों को लेकर जान से मारने की धमकी दी जा चुकी है। इस मामले में भी पुलिस कोई गिरफ्तारी नहीं कर पाई है।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button