
आरा सिविल कोर्ट पहुंचे भोजपुरी स्टार पवन सिंह, लगाई हाजिरी
आरा-26 मई। भोजपुरी स्टार पवन सिंह और उनकी पत्नी ज्योति सिंह गुरुवार को आरा सिविल कोर्ट स्थित कुटुंब न्यायालय में पहुंचे। उन्होंने कुटुंब न्यायालय के न्यायाधीश के समक्ष हाजिरी लगाई।
कुटुंब न्यायालय के न्यायाधीश ने पवन सिंह और उनकी पत्नी ज्योति सिंह को चैंबर में बैठाकर दोनों की बातें सुनीं। न्यायाधीश के समक्ष पवन सिंह ने पत्नी ज्योति के साथ रहने से इनकार कर दिया। ज्योति सिंह ने भी पवन सिंह के साथ रहने से इनकार किया।
बीते 9 अक्टूबर, 2021 को पवन सिंह ने पत्नी ज्योति सिंह से तलाक लेने की अर्जी दी थी। बीते 28 अप्रैल को न्यायाधीश के कोर्ट में ज्योति सिंह उपस्थित हुई थी और अपना पक्ष रखा था। उस समय पवन सिंह कोर्ट में नहीं उपस्थित हुए थे। पुनः गुरुवार को दोनों पूर्व निर्धारित तिथि पर कोर्ट पहुंचे।कुटुंब न्यायालय के न्यायाधीश ने दोनों को एक मौका देते हुए कहा कि आपस में एक बार बात कर लें और तय कर लें कि उन्हें क्या करना है। फिर कुटुंब न्यायालय की तरफ से निर्णय सुनाया जाएगा।
ज्योति सिंह ने बताया कि उन्होंने कोर्ट से भरण पोषण के लिए एक राशि पवन सिंह से प्राप्त करने के लिए गुहार लगाई है। अगर दोनों के आपसी समन्वय से रास्ता नहीं निकलता है तो कुटुंब न्यायालय ज्योति सिंह को एक न्यूनतम आर्थिक लाभ की राशि भरण पोषण के लिए देने का आदेश पवन सिंह को दे सकता है।
पवन सिंह जब आरा कोर्ट पहुंचे तो न्यायालय अधिवक्ताओं की भीड़ से खचाखच भर गया और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी।



