
MADHUBANI: लाउडस्पीकर लगाने गए युवक की करंट लगने से मौत
मधुबनी- 04 मई। हरलाखी थाना क्षेत्र के हरलाखी बाजार में मुख्य सड़क किनारे एक व्यक्ति के घर बनने की खुशी में हो रहे पूजा आयोजन के दौरान हाईटेंशन तार के स्पर्शाघात से एक 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना बुधवार दिन के करीब 11 बजे की है। बताया जा रहा है कि घर के उपर लाउडस्पीकर लगाने के दौरान यह हादसा हुआ है। जो लाउडस्पीकर लगाने के दौरान 11 हज़ार बिजली के तार से स्पर्शाघात हो गया। मृत युवक की पहचान हरलाखी थाना क्षेत्र के पिपरौन गांव निवासी फेकन महतो के 18 वर्षीय पुत्र मंजीत कुमार के रूप में हुई है।
घटना हरलाखी बाजार में हुई, जहां युवक राजेन्द्र महतो के घर में हो रहे पूजा कार्यक्रम में लाउडस्पीकर लगाने का काम करने गया था। वहां घर बनने की खुशी में सुंदरकांड का आयोजन शुरू किया जा रहा था। लेकिन युवक के मौत के बाद खुशियां मातम में बदल गई। करंट लगने के बाद युवक को घर मालिक के ही दवा दुकान में सुई लगाकर उपचार करने की कोशिश की। लेकिन युवक को होश नहीं आया। तब लोगों ने उसे उमगांव के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती करा दिया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसके बाद अस्पताल प्रशासन द्वारा पुलिस को इसकी सूचना दी गई। वहीं मृतक के परिजनों को भी इसकी सूचना मिली। सूचना मिलते ही परिजन व ग्रामीण अस्पताल पहुंचें। अस्पताल में चीखपुकार मच गई। परिजनों का रोरोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए मधुबनी भेज दिया। थानाध्यक्ष अनोज कुमार ने बताया कि घटना को लेकर आवश्यक प्रक्रिया चल रही है।



