
MADHUBANI:- शहर के गंगासागर काली मंदिर परिसर की लीज के विरोध में होगा सत्याग्रह,कुमार कपिलेश्वर सिंह से लीज रद करने की मांग
मधुबनी : शहर विकास समिति के अध्यक्ष संजीव कुमार ने राज दरभंगा के कुमार कपिलेश्वर सिंह से मधुबनी शहर के प्रसिद्ध गंगासागर काली मंदिर परिसर की खाली जमीन की 11 महीना के लिए दिए गए लीज का नवीनीकरण या नए लोगों को लीज देने की प्रक्रिया पर रोक लगाने की मांग की है। अध्यक्ष ने कहा कि कुछ राशि के लिए धार्मिक व रमणीय स्थल के रूप में प्रसिद्ध गंगासागर काली मंदिर परिसर को लीज पर दिए जाने से परहेज करना चाहिए। लीज पर दिए जाने से इस परिसर की धार्मिकता और गरिमा को ठेस पहुंचता है। इस परिसर को लेकर पिछ्ले साल हुए विवाद किसी से छिपी नहीं है। यह मामला फिलहाल न्यायालय में लंबित है।
अध्यक्ष ने कहा कि महाराज कामेश्वर सिंह धार्मिक न्यास दरभंगा श्यामा सेवैत से लीज देने की प्रक्रिया कहने को पारदर्शी होता है। लेकिन इसमें न्यास के कुछ कर्मियों की मनमानी सामने आती रही है। लीज लेने के बाद गंगासागर काली मंदिर परिसर के करीब 100 दुकानों से किराया और अग्रिम राशि में ली जाती है।जिसका कोई लेखा-जोखा नहीं होता है।
न्यास से लीज मिलने के बाद परिसर की जमीन मनचाहे तरीके से दुकानदारों को किराया देकर कमाई की जाती है। सचिव सुधीर कुमार ने कहा कि परिसर के दुकानदारों से नगर निगम द्वारा ट्रेड लाइसेंस नहीं किया गया है। इस परिसर से निगम को राजस्व की प्राप्ति नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि गंगासागर काली मंदिर परिसर को इस साल लीज पर दिए जाने का शांतिपूर्ण तरीके से विरोध किया जाएगा। लीज दिए जाने पर काली मंदिर परिसर में सत्याग्रह किया जा सकता है।



