
MADHUBANI: ‘कथा 89 की’ नगर निगम क्षेत्र की 32 सरकारी तालाबों पर चलेगा बुलडोजर, सीमांकन और अतिक्रमण मुक्त कराने का निर्देश
मधुबनी- 05 जुलाई। शहर के तिलक चौक स्थित खेसरा 89 की चर्चित मामला के बीच अब नगर निगम क्षेत्र की 32 सरकारी तालाबों के अतिक्रमण पर बुलडोजर चलाने की तैयारी चल रही है। इन तालाबों का सीमांकन कर अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए रहिका अंचल अधिकारी ने अंचल अमीन और सबंधित सभी राजस्व कर्मचारी को शीघ्र ही तालाबों का निरीक्षण कर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है।
बतादें कि जिला मत्स्य पदाधिकारी सह मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी ने रहिका अंचल अधिकारी को मधुबनी शहरी क्षेत्र में पड़ने वाले सरकारी तालाबों का सीमांकन कर अतिक्रमण मुक्त कराने का निर्देश दिया गया है। इस संदर्भ में जारी पत्र में तालाबों के सीमांकन एवं अतिक्रमण मुक्त की कार्रवाई के तहत अतिक्रमणकारियों पर वाद दायर करने को कहा गया है। शहरी क्षेत्र के सरकारी तालाबों को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए मधुबनी व्यवहार न्यायालय के अधिवक्ता राकेश रंजन झा द्वारा सहयोग पोर्टल पर एक आवेदन दिया गया था। अधिवक्ता द्वारा दिए गए आवेदन में नगर निगम क्षेत्र के सरकारी तालाबों को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की गई है। करीब तीन-चार माह पूर्व जिलाधिकारी द्वारा शहरी क्षेत्र के सरकारी तालाबों को अतिक्रमण मुक्त करने का निर्देश दिया गया था। लेकिन तीन माह से अधिक गुजर जाने के बाद भी तालाबों को अतिक्रमण मुक्त कराने की कार्रवाई नहीं की गई। अब इस मामले तेजी लाई जा रही है। बता दें कि अतिक्रमण और उपेक्षा के कारण अपने अस्तित्व के लिए जूझ रहे सरकारी तालाबों पर मकान, झुग्गी-झोपड़ियां बन चुकी हैं, तो कई जगह जंगल-झाड़ ने उन्हें खत्म कर दिया है। इसका सीधा असर जल संरक्षण पर पड़ा है। बरसात के समय वर्षा जल का संचयन नहीं हो पाता है।
सौंपी गई सूची में कई प्रमुख तालाब शामिल
जिला मत्स्य विभाग द्वारा रहिका अंचल को सौंपी गई अतिक्रमित 32 तालाबों में मीना बाजार तालाब सप्ता, लक्ष्मण साह पोखर, सप्ता मीना बाजार, टुन्नी मिश्र पोखर (जगतपुर वार्ड 11), भैरव स्थान पोखर (जगतपुर वार्ड 10), पार्वती पोखर (जगतपुर वार्ड 10), प्रतापगंज तालाब महाराजगंज, प्रतापगंज तालाब (महाराजगंज दो), ढोढिया पोखर (भौआड़ा हवाई अड्डा), जेठरैयत पोखर (भच्छी), ठाकुर पोखर (सीमा), झखराही पोखर (बसुआरा), चौड़ी पोखर (भौआड़ा), रमबतिया पोखर (भौआड़ा), गुबारा पोखर (भच्छी), गुलटेनी पोखर (चकदह), लक्ष्मी सागर पोखर (भौआड़ा), निर्लजी पोखर (भौआड़ा), सूडी स्कूल पोखर, कीर्तन भवन तालाब, तिलक चौक तालाब, महंतीलाल पोखर (चूड़ी बाजार), सप्ता पोखर, सप्ता पोखर दो, लहेरियागंज पोखर, कसेरा पोखर (बसुआरा), सुरियाही पोखर (बसुआरा), शनिचर पोखर (भच्छी), पुरनी पोखर (भच्छी), मधुबनी शहरी पोखर, चकदह आम नदी पोखर, मधुबनी नगर पालिका पोखर व चकदह गड्डा हैं।
‘जिला मत्स्य कार्यालय के निर्देशानुसार तालाबों का सीमांकन के लिए अंचल अमीन और संबंधित सभी राजस्व कर्मचारियों को रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है।’
— सुरेश कुमार, अंचल अधिकारी रहिका



