
सभी विधायकों की गाड़ियां वापस लेने की हिम्मत दिखाएं सीएम: परगट सिंह
चंडीगढ़- 15 अप्रैल। पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने के एक माह के भीतर ही अब गाड़ियों की राजनीति शुरू हो गई है। एक तरफ जहां पंजाब के नए मंत्रियों और विधायकों के लिए गाड़ियां खरीदने को लेकर सचिवालय में फाइलें चल पड़ी हैं, वहीं पंजाब कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं विधायक परगट सिंह ने मुख्यमंत्री के बयान पर पलटवार करते हुए कहा है कि वह सभी विधायकों की गाड़ियां वापस लेकर दिखाएं।
पंजाब सरकार द्वारा नई गाड़ियों की खरीद का मुद्दा परगट सिंह द्वारा उठाया गया था। नई गाडिय़ों की खरीद के बीच मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बृहस्पतिवार को कहा था कि सरकार अभी नई गाड़ी नहीं खरीदेगी। मान ने परगट सिंह की तरफ इशारा करते हुए कहा था कि सरकार गाड़ियां तो नहीं खरीदेगी बल्कि उनके पास जो गाड़ियां हैं उन्हें जरूर वापस ले लिया जाएगा।
मुख्यमंत्री के इस बयान के बाद राजनीति गरमाई हुई है। परगट सिंह ने इस पर पलटवार करते हुए कहा कि मैं मुख्यमंत्री के उस फैसले का स्वागत करता हूं जिसमें उन्होंने मेरा आधिकारिक वाहन वापस लेने की बात कही है।
परगट सिंह ने ट्वीट करके कहा है कि वह मुख्यमंत्री को याद दिलाना चाहेंगे यह वाहन उनके पास बतौर विधायक है। मैं उम्मीद करूंगा कि यह राजनीतिक बदलाखोरी नहीं होगी। मुख्यमंत्री प्रदेश के सभी 117 विधायकों की गाड़ियां वापस लेने की हिम्मत दिखाएंगे।



