
उपराष्ट्रपति की यात्रा के मद्देनजर चारबाग रेलवे स्टेशन पर कड़ी सुरक्षा
लखनऊ-14 अप्रैल। राजधानी लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन से शुक्रवार सुबह उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू अयोध्या जाएंगे। उनकी सुरक्षा के लिए गुरुवार को चारबाग रेलवे स्टेशन की बैरिकेडिंग कर दी गई है। रेलवे प्रशासन शुक्रवार सुबह करीब डेढ़ घंटे तक चारबाग रेल आरक्षण केंद्र को बंद रखेगा। चारबाग स्टेशन आने वाली आठ ट्रेनों के प्लेटफार्म भी बदले जाएंगे। आनंद नगर की तरफ स्थित आरक्षण केंद्र पर सुबह आठ बजे से नियमित रूप से आरक्षण कार्य हो सकेगा। इसके अलावा उपराष्ट्रपति की सुरक्षा को देखते हुए चारबाग रेलवे स्टेशन की बैरिकेडिंग कर दी गई है। जिला पुलिस, जीआरपी और आरपीएफ ने सभी प्रवेश मार्गों पर सतर्कता बढ़ा दी है। नई दिल्ली से आई उपराष्ट्रपति की ट्रेन के रैक की सफाई और धुलाई कड़ी सुरक्षा के बीच की गई।
उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल की वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक रेखा शर्मा ने बताया कि चारबाग रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को अनारक्षित टिकट काउंटर की सुविधा उपलब्ध रहेगी। एसी एक्सप्रेस के नई दिल्ली से आने के बाद से शुक्रवार को यात्रियों को पार्सल घर होकर प्रवेश और निकासी की व्यवस्था की जाएगी। रेलवे आठ ट्रेनों के प्लेटफार्म बदलेगा। चंडीगढ़-पाटलिपुत्र सुपरफास्ट प्लेटफार्म एक की जगह तीन नंबर पर आएगी। नई दिल्ली-लखनऊ एसी एक्सप्रेस, योगनगरी ऋषिकेश-हावड़ा दून एक्सप्रेस प्लेटफार्म एक की जगह तीन पर आएगी।
इसी तरह से प्लेटफार्म नंबर दो पर आने वाली प्रयागराज संगम-लखनऊ गंगा गोमती एक्सप्रेस प्लेटफार्म आठ, काठगोदाम-हावड़ा बाघ एक्सप्रेस प्लेटफार्म सात, कोटा-पटना एक्सप्रेस प्लेटफार्म नंबर तीन, देहरादून-वाराणसी जनता एक्सप्रेस प्लेटफार्म नंबर सात पर आएगी। चंडीगढ़-लखनऊ सुपरफास्ट ट्रेन प्लेटफार्म नंबर तीन की जगह पांच नंबर पर आएगी।



