
CM नीतीश ने बाबा केवल धाम राजकीय मेले का किया उद्घाटन,कहा- बाबा अमर सिंह की राजकीय मेला के रूप में आयोजित किया जाएगा
पटना- 10 अप्रैल। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रविवार समस्तीपुर जिला के मोरवा प्रखंड के इंद्र द्वारा में दीप प्रज्ज्वलित कर बाबा केवल धाम राजकीय मेला 2022 का उद्घाटन किया। मौके पर सीएम नीतीश ने कहा कि पहली बार 2010 में दूसरी बार 2016 में एवं तीसरी बार आज यहां कार्यक्रम में मुझे शामिल होने का मौका मिला है। आपके बीच आकर काफी खुशी हो रही है। बाबा केवल जी महाराज का जन्म इंद्र द्वारा गांव में आज ही के दिन नवमी को हुआ था। बाबा केवल जी महाराज के प्रति लोगों की काफी श्रद्धा, आस्था एवं विश्वास है विभिन्न जगहों से सभी जाति एवं समुदाय के लोग यहां आते हैं। बाबा केवल जी महाराज की 35 फीट ऊंची प्रतिमा यहां बनी हुई जिसके समीप सभी लोग जाकर पूजा करते हैं। हमें भी यहां आकर पूजा करने का मौका मिला है।
सीएम ने कहा कि बाबा केवल जी महाराज धाम के आसपास का क्षेत्र नून नदी के प्रभाव से आच्छादित रही है। बाढ़ से बचाव के लिए नदी के बायें एवं दायें तटबंध का सुदद्दीकरण एवं उच्चीकरण कार्य किया गया। सड़कों की ईंट सोलिंग की गई। इस पर राज्य सरकार द्वारा 26 करोड़ 71 लाख रुपये खर्च किये गये बाढ़ से प्रभावित 2 लाख 72 हजार हेक्टेयर क्षेत्रफल और लगभग 11 लाख आबादी को सुरक्षा प्रदान की गयी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इंद्रबारा से मरीचा चौक के 13 किलोमीटर संपर्क पथ के चौड़ीकरण एवं उच्चीकरण कार्य की स्वीकृति दी गई है जिसकी लागत 25 करोड़ 16 लाख रुपये है। इससे बाबा केवल जी महाराज के स्थल इंद्रबारा से और बाबा अमर सिंह जी की तपस्थली शिकरा तक पहुंचने में आसानी होगी बाबा केवल जी महाराज धाम के आसपास के लोगों के स्वास्थ्य की सहूलियत को ध्यान में रखते हुये यहां अतिरिक्त स्वास्थ्य केंद्र की स्थापना की जाएगी ताकि यहां के लोगों को सीधा लाभ मिल सके।
मुख्यमंत्री ने घोषणा करते हुए कहा कि बाबा अमर सिंह की तपस्थली पर आयोजित होनेवाले मेले को राजकीय मेला के रूप में आयोजित किया जाएगा।हमलोग लगातार काम कर रहे हैं। पहले सड़कों की क्या स्थिति थी? कानून-व्यवस्था की क्या स्थिति थी? लोग शाम को घर से निकल नहीं पाते थे। कानून व्यवस्था को बेहतर किया गया। अब देर रात तक भी लोग कहीं आ-जा सकते हैं। गड़बड़ी करनेवालों पर कड़ी कार्रवाई होती है। सड़क पुल-पुलिया का निर्माण कराया गया। पोशाक योजना और साइकिल योजना चलाई गई। इससे लड़कियां स्कूल जाकर शिक्षा ग्रहण करने लगीं लड़का-लड़की की संख्या स्कूल में बराबर हो गई। पिछले वर्ष तो लड़कों से 300 लड़कियां ज्यादा मैट्रिक की परीक्षा में शामिल हुई थीं महिलाओं के विकास के लिए कई काम किए गए। गरीब-गुरबा के उत्थान के लिए कई काम किए गए पंचायती राज एवं नगर निकाय चुनाव में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण दिया गया।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य एवं शिक्षा के क्षेत्र में भी कई कार्य किए गए चौर विकास के लिए छह जिला में काम शुरू कर दिया गया है। एक भाग में तालाब का निर्माण तथा दूसरे भाग को समतल कर खेती के कार्यों के लिए उपयोग में लाया जा रहा है जिससे किसानों को काफी सहूलियत हो रही है। सभी क्षेत्रों एवं सभी लोगों के विकास के लिए लगातार काम कर रहे हैं। केंद्र सरकार एवं राज्य सरकार का लोगों के विकास के प्रति कमिटमेंट है। राज्य एवं देश को विकसित करने के लिए हमलोग काम कर रहे हैं किसी के साथ हमलोग भेदभाव नहीं करते हैं सबको आगे बढ़ाने के लिए काम करते हैं।
कार्यक्रम की शुरूआत में मुख्यमंत्री ने बाबा केवलधाम मंदिर में बाबा केवल जी महाराज की पूजा-अर्चना कर राज्य की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके पश्चात् मुख्यमंत्री ने इन्द्रबारा में यात्री निवास के नवनिर्मित भवन का शिलापट्ट अनावरण कर उद्घाटन किया उद्घाटन के पश्चात् मुख्यमंत्री ने यात्री निवास भवन का निरीक्षण भी किया और वहां की व्यवस्थाओं की जानकारी ली।कार्यक्रम को केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय, उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद, शिक्षा मंत्री विजय कुमार चौधरी ने भी संबोधित किया।



