
तेज रफ्तार कार ने 3 छात्राओं को मारी टक्कर, 1 की मौत
नई दिल्ली- 06 अप्रैल। बाहरी जिले के पश्चिम विहार पश्चिम इलाके में स्थित पीरागढ़ी चौक पर एक तेज रफ्तार कार ने तीन स्कूली छात्राओं को टक्कर मार दी। घटना में एक छात्रा की मौत हो गई। जबकि दो छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई। घायलों का उपचार चल रहा है। पुलिस के अनुसार,कार के आगे एक ट्रक भी था। वहीं,घटना के बाद आरोपित कार चालक मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है। इधर गुस्साए लोगों ने पीरागढ़ी चौक में जाम लगाकर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। मौके पर पहुंचे पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने कार्रवाई का आश्वासन देकर लोगों को शांत करवाया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
डीसीपी समीर शर्मा के अनुसार,मृतक छात्रा की पहचान मनीषा कुमारी (18) के रूप में हुई है। जबकि घायल छात्राओं की पहचान कल्पना और संजना के रूप में हुई है। दोनों का उपचार बालाजी अस्पताल में चल रहा है। मनीषा के शव को पोस्टमार्टम के लिये संजय गांधी अस्पताल में सुरक्षित रखवा दिया गया है।
डीसीपी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 08.08 बजे सूचना मिली कि पीरागढ़ी चौक के पास तीन छात्राओं को एक कार ने टक्कर मार दी है, जो आगे एलपीजी सिलेंडर ले जा रहे ट्रक के संपर्क में आई, जिससे एक लड़की की मौत हो गई। सूचना मिलते ही पश्चिम विहार पश्चिम थाना पुलिस मौके पर पहुंची। डीसीपी के अनुसार आरोपित चालक के साथ-साथ वाहन के मालिक का पता लगाने के लिए दो टीमों का गठन किया गया है।



