
संवेदनहीन हो गए हैं मुख्यमंत्री, बम ब्लास्ट के पीड़ितों की नहीं ली सुध: चिराग
भागलपुर-12 मार्च। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने शनिवार को आयोजित प्रेस वार्ता में कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री कहते हैं कि आज से 15 साल पहले बिहार में अपराधियों का बोलबाला था। लेकिन काजवलीचक के बम ब्लास्ट ने यह साबित कर दिया कि अभी अपराधी ज्यादा बेलगाम हैं।
चिराग पासवान ने कहा कि दो थाना और डीएसपी आवास से महज दो सौ मीटर की दूरी पर बम ब्लास्ट होता है। जिसमें 15 लोगों की मौत हुई। इसके लिए सरासर पुलिस जिम्मेवार है। इतना बड़ा हादसा हुआ लेकिन मुख्यमंत्री ने आज तक पीड़ितों की सुध नहीं ली है। इसके पूर्व चिराग पासवान ने बम ब्लास्ट में मारे गए लोगों के परिजन से मुलाकात की एवं अस्पताल जाकर घायलों से उनका हालचाल लिया।
इस दौरान चिराग पासवान उन परिजनों की पीड़ा को सुनकर भावुक हो गए और प्रशासन एवं सरकार के असंवेदनशील रवैये के प्रति अपना असंतोष व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने सभी पीड़ित परिवारों को इस बात को लेकर आश्वस्त किया कि जब तक जिला प्रशासन के द्वारा उनके खाने-पीने व रहने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित नहीं कर दी जाती है, तब तक पूरा लोजपा (रा०) परिवार उनके साथ खड़ा है एवं उनके खाने-पीने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। इस दौरान लोजपा नेता राजेश वर्मा, अमर कुशवाहा, मृणाल शेखर सहित कई लोजपा कार्यकर्ता मौजूद थे।



