
चीन के विदेश मंत्री का नेपाल दौरा 26 मार्च से
काठमांडू- 11 मार्च। चीन के विदेश मंत्री वांग यी इस माह नेपाल की यात्रा पर 26 मार्च को काठमांडू पहुंच रहे हैं। वह नेपाल में दो दिन रुक सकते हैं। नेपाल के अखबार काठमांडू पोस्ट ने अपनी रिपोर्ट में यह जानकारी नेपाल विदेश मंत्रालय के हवाले से दी है।
इस रिपोर्ट के मुताबिक वांग के साथ चीन की कम्युनिस्ट पार्टी के अंतरराष्ट्रीय संपर्क विभाग के प्रमुख सोंग ताओ भी यहां आएंगे। इसमें कहा गया है कि शेर बहादुर देउबा के पिछले साल जुलाई में नेपाल का प्रधानमंत्री बनने के यह किसी विदेशी पदाधिकारी की सबसे हाई प्रोफाइल यात्रा होगी। पिछले साल अक्टूबर में नेपाल के विदेश मंत्री नारायण खड़का की वांग से फोन पर बातचीत हुई थी। खड़का ने उन्हें नेपाल यात्रा का आमंत्रण दिया था।
चीन के विदेश मंत्री की प्रस्तावित यात्रा को यहां अहमीयत दी जा रही है। हाल में नेपाल सरकार ने अमेरिकी संस्था मिलेनियम चैलेंज कॉरपोरेशन से 50 करोड़ डॉलर की सहायता लेने के लिए हुए करार के संसदीय अनुमोदन की प्रक्रिया पूरी की है। चीन इस पर कड़ी आपत्ति जता चुका है। माना जा रहा है कि वांग अपनी यात्रा के दौरान यह भांपने की कोशिश करेंगे कि क्या इस करार पर अमल से चीन की सुरक्षा और रणनीतिक मकसद के लिए कोई चिंता पैदा होगी।
नेपाल ने 2017 में चीन के बेल्ट एंड रोड इनिशिएटिव में शामिल होने के लिए करार किया था लेकिन इस पर काम ज्यादा आगे नहीं बढ़ पाया है। अब समझा जाता है कि वांग यहां इस परियोजना के रास्ते में आई रुकावटों पर भी बातचीत करेंगे।



