
मधुबनी: NH-27 पर मोबाइल-बाइक छिनतई गिरोह का पर्दाफाश, 5 गिरफ्तार, 10 मोबाइल और तीन बाइक बरामद
मधुबनी- 31 अगस्त। राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर बाइक एवं मोबाइल छिनतई करने वाले गिरोह का फुलपरास थाना पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह से जुड़े पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से छिनतई के 10 मोबाइल फोन और तीन बाइक बरामद की गई हैं। मामले का खुलासा सोमवार को फुलपरास थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान प्रभारी डीएसपी सुबोध कुमार सिंह ने किया।प्रभारी डीएसपी ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र के भट्टाबाड़ी गांव में छिनतई के मोबाइल बेचने के लिए सौदा किया जा रहा है। सूचना के आधार पर थानाध्यक्ष विक्रम आचार्य के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छापेमारी की।
पुलिस को देखते ही एक बाइक पर सवार तीन युवक मौके से फरार हो गए। वहीं पुलिस ने भट्टाबाड़ी निवासी दीपेश कुमार एवं कोगरिया टोल निवासी प्रयन्त कुमार को तीन छिनतई के मोबाइल और एक बाइक के साथ गिरफ्तार कर लिया।पुलिस पूछताछ में फरार आरोपियों की पहचान खुटौना थाना क्षेत्र के बाघा कुशमार निवासी रमेश कुमार यादव, फुलपरास थाना क्षेत्र के दाहापट्टी निवासी रूपेश कुमार मंडल एवं हनुमाननगर निवासी प्रियांशु कुमार के रूप में हुई। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर छिनतई के कुल 10 मोबाइल और तीन बाइक बरामद कीं। इस दौरान खुटौना थाना क्षेत्र के एकडारा निवासी मो. मुस्तकीम उर्फ मो. आशिक, बाघा कुशमार निवासी मो. अमानुल्लाह उर्फ मुंशी तथा फुलपरास थाना क्षेत्र के कालापट्टी निवासी और चोरी के मोबाइल खरीदने वाले दुकानदार अमित कुमार मंडल को गिरफ्तार किया गया।पुलिस के अनुसार, दीपेश और प्रयन्त ने पूछताछ में बताया कि उन्होंने पिछले दिनों छिनतई के चार मोबाइल अमित कुमार मंडल को दिए थे, जिसके बदले उन्हें 40 हजार रुपये मिले थे। पुलिस ने दुकानदार की दुकान से भी छिनतई के मोबाइल बरामद किए।
वहीं मो. मुस्तकीम के घर से एक पल्सर बाइक और मो. अमानुल्लाह के घर से एक KTM बाइक बरामद की गई।
थानाध्यक्ष विक्रम आचार्य ने बताया कि गिरफ्तार बदमाशों में दो का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया है कि वे राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर मुजफ्फरपुर से फुलपरास और आगे तक बाइक व मोबाइल समेत अन्य सामान की छिनतई किया करते थे।
पुलिस ने बताया कि फरार आरोपियों रूपेश मंडल, प्रियांशु यादव और रमेश यादव की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है और उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
कार्रवाई में थानाध्यक्ष विक्रम आचार्य, अवर निरीक्षक निरंजन कुमार, पुअनि कांति कुमारी, सअनि सुबोध कुमार, चौकीदार मो. शमीम, चंदन कुमार मंडल सहित सशस्त्र बल के जवान सुजीत कुमार शामिल थे।



